Akola SIR Process Protest: इंडिया महागठबंधन अकोला की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में गुरुवार को शहीद मदनलाल धिंग्रा चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस के स्वराज्य भवन से शहीद मदनलाल धिंग्रा चौक तक बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में तख्तियों व झंडे लेकर नारेबाजी करते हुए पहुंचे। इस दौरान "ज्ञानेश कुमार हटाओ, देश बचाओ", "ज्ञान कुमार गद्दी छोड़ो", "वोट चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में" और "ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" जैसे नारे लगाए गए।
प्रदर्शन के बाद चौक पर इंडिया महागठबंधन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में संविधान के अनुच्छेद 326 का सामूहिक वाचन किया गया। आंदोलनकारियों ने कहा कि इस अनुच्छेद में मतदाता और मतदान के अधिकार से संबंधित व्यवस्था है तथा इसे कायम रखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अनुच्छेद 326 को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी के विरोध में दोपहर को सार्वजनिक रूप से अनुच्छेद का वाचन किया गया।
चुनाव प्रक्रिया, वोटर लिस्ट और दिल्ली में विपक्षी दलों के आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में जिला, तहसील और शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से गांधी चौक में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों और बांहों पर काली पट्टी बांधकर केंद्र सरकार और चुनाव प्रणाली के प्रति अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, मतदाताओं के नाम हटाए जाने तथा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में इंडिया गठबंधन की ओर से गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर भव्य मोर्चा निकाला गया। गर्ल्स हाईस्कूल चौक से शुरू हुए मोर्चे में महाविकास आघाड़ी के विभिन्न घटक दलों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।
SIR प्रक्रिया के विरोध में इंडिया आघाड़ी की गोंदिया जिला इकाई ने मोर्चा निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मोर्चे के बाद उपविभागीय अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में इंडिया आघाड़ी ने आरोप लगाया कि SIR के माध्यम से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे है।
चंद्रपुर के घुग्घुस और ब्रह्मपुरी में भी कांग्रेस ने मतदाता सूची की कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में आंदोलन किया। शहर अध्यक्ष राजू रेड्डी और नगराध्यक्ष दीप्ति सोनटक्के के नेतृत्व में छत्रपति शिवाजी महाराज चौक पर आयोजित आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।