स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उज्जैन ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया।
3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में मिला पहला स्थान।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विज्ञान भवन में उज्जैन को सम्मानित किया।
गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था ने निभाई अहम भूमिका।
Ujjain Secures Number One Position Cleanliness Survey: धार्मिक नगरी उज्जैन ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्वच्छता का लोहा मनवाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में तीन से 10 लाख आबादी वाले शहरों में उज्जैन ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शहर को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
महाकाल की नगरी के लिए यह सम्मान इसलिए भी खास है, क्योंकि यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। इसके बावजूद शहर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान कायम रखी है। सिंहस्थ-2028 से पहले मिली इस उपलब्धि ने उज्जैन की प्रतिष्ठा को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत किया है।
उज्जैन की इस उपलब्धि में घरों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र करने की व्यवस्था की अहम भूमिका रही। नगर निगम ने कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से पृथक कचरे को निर्धारित प्रसंस्करण केंद्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया। एमआर-5 और गोंदिया ट्रेंचिंग ग्राउंड पर स्थापित आधुनिक कचरा प्रसंस्करण संयंत्रों के जरिए कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण और उपयोग किया जा रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण में अब केवल सड़कों की सफाई ही नहीं, बल्कि कचरे के संग्रहण, परिवहन, पृथक्करण और वैज्ञानिक प्रसंस्करण को भी महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी पूरी व्यवस्था को बेहतर बनाने का लाभ उज्जैन को मिला।
धार्मिक नगरी होने के कारण उज्जैन शहर में स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती है। श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा हरसिद्धि मंदिर, रामघाट, मंगलनाथ, कालभैरव सहित अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर भी बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। इन क्षेत्रों में नियमित सफाई, बीटवार व्यवस्था, कचरा संग्रहण और निगरानी पर विशेष ध्यान दिया गया। सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था बनाए रखने के साथ नागरिकों को भी कचरा पृथक्करण और स्वच्छता अभियान से जोड़ने के प्रयास किए गए। धार्मिक स्थलों की स्वच्छता ने भी शहर की रैंकिंग को बेहतर बनाने में योगदान दिया।
उज्जैन के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में देश में पहला स्थान हासिल करना नई बात नहीं है। वर्ष 2019 में भी तीन से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में उज्जैन ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया था। इससे पहले वर्ष 2017 में शहर को ऑल इंडिया रैंकिंग में 12वां और 2018 में 17वां स्थान मिला था। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में भी उज्जैन सुपर स्वच्छ लीग में शामिल रहा। इस श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों को शामिल किया जाता है। अब 2025-26 में पहली रैंक हासिल कर उज्जैन ने एक बार फिर अपनी स्वच्छता व्यवस्था की मजबूती साबित की है।
स्वच्छता में देश में पहला स्थान हासिल करने के बाद अब उज्जैन के सामने इस उपलब्धि को बरकरार रखने की चुनौती है। वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महापर्व में करोड़ों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मेला क्षेत्र, शिप्रा नदी के घाटों, पार्किंग स्थलों और अस्थायी आवास क्षेत्रों में सफाई एवं कचरा प्रबंधन की व्यापक व्यवस्था करनी होगी। शिप्रा की स्वच्छता, सीवरेज प्रबंधन और सार्वजनिक शौचालयों की पर्याप्त उपलब्धता भी महत्वपूर्ण होगी।
नगर निगम ने वर्ष 2027 तक शत-प्रतिशत कचरा प्रसंस्करण, जीरो वेस्ट वार्ड और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त शहर जैसे लक्ष्य निर्धारित किए हैं। अब इन लक्ष्यों को जमीन पर उतारना जरूरी होगा, ताकि स्वच्छता में मिला राष्ट्रीय सम्मान सिंहस्थ के दौरान भी उज्जैन की पहचान बना रहे।