Ujjain MD Drug Supply Case: उज्जैन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एमडी ड्रग सप्लाई के मामले में फरार चल रहे आरोपी को धार जिले के बदनावर क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला 1 अप्रैल 2026 का है, जब बड़नगर थाना क्षेत्र के रुनिजा रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय ब्रिज के पास एक संदिग्ध युवक के खड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी शेरू पिता इफ्तकार (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 36.58 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3.65 लाख रुपये बताई गई। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी शेरू ने खुलासा किया कि उसे यह मादक पदार्थ शाहरुख पिता सलीम खान (28 वर्ष), निवासी अडान मोहल्ला बड़नगर द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद थाना बड़नगर में अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के अंतर्गत मामला दर्ज कर दूसरे आरोपी की तलाश शुरू की गई।
लगातार जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से उज्जैन पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी शाहरुख बदनावर क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: आज समर्थ सिंह और गिरीबाला सिंह को कोर्ट में पेश करेगी CBI, दोनों ने आरोपों को नकारा
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले में नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां संभव हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।