Mahakal Bhasma Aarti: धर्मनगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के होने वाली भस्म आरती में बॉलीवुड कलाकारों ने शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। प्रसिद्ध अभिनेता निकितिन धीर और अभिनेता क्रांति प्रकाश झा ने भस्म आरती में हिस्सा लिया और बाबा महाकाल की आराधना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दोनों कलाकार तड़के मंदिर पहुंचे और निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुसार नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने भगवान महाकाल को जल अर्पित कर देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भस्म आरती के दौरान मंदिर परिसर में आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला।
बाबा महाकाल के दर्शन के बाद अभिनेता निकितिन धीर और क्रांति प्रकाश झा ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि महाकाल के दरबार में आकर उन्हें अलौकिक शांति और नई ऊर्जा की अनुभूति हुई। उन्होंने बाबा महाकाल की भक्ति और मंदिर की आध्यात्मिकता को विशेष बताया। बता दें कि क्रांति प्रकाश झा और निकितन धीर की 'रक्तांचल 3' सीरीज हाल ही में रिलीज हुई है, जिसे दर्शकों का बहुत प्यार मिल रहा है।
भगवान महाकाल के दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से दोनों कलाकारों का सम्मान किया गया। मंदिर प्रशासन ने उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस दौरान मंदिर की व्यवस्थाओं और दर्शन प्रक्रिया को लेकर भी उन्हें जानकारी दी गई।
ये भी पढ़ें : उज्जैन पहुंचे अभिनेता कार्तिक आर्यन, बाबा महाकाल की शयन आरती में हुए शामिल, नेशनल अवॉर्ड जीतने पर जताया आभार
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में देशभर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। खासतौर पर बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने की इच्छा श्रद्धालुओं के बीच विशेष रहती है। समय-समय पर फिल्म जगत के कई कलाकार भी बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते रहे हैं। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था लगातार बढ़ रही है। मंदिर में होने वाली भस्म आरती को विश्वभर में विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त है, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहले से अनुमति लेकर पहुंचते हैं।