Highlights:
उज्जैन में दीपावली की रात दो अलग-अलग जगह भीषण आग।
नागझिरी में विश्वकर्मा हार्डवेयर की बिल्डिंग में आग से 107 वर्षीय बुजुर्ग की मौत।
तीसरी मंजिल पर फंसे बुजुर्ग को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया था।
घर और दुकान जलकर हुई खाक।
Ujjain Fire Accident on Diwali Night : उज्जैन में दीपावली की रात खुशियों के बीच दो अलग-अलग जगह आगजनी की घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। नागझिरी क्षेत्र में देवास रोड स्थित विश्वकर्मा हार्डवेयर एंड इलेक्ट्रिकल्स की बिल्डिंग में रविवार रात करीब 9:30 बजे भीषण आग लग गई।
आग की चपेट में आने से घर में मौजूद 107 वर्षीय बुजुर्ग मोहनलाल पिता शंकरलाल गंभीर रूप से प्रभावित हो गए। उन्हें रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, फ्रीगंज क्षेत्र में टावर चौक के पास स्थित सुराणा एक्सपोर्ट में भी आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, नागझिरी क्षेत्र में रहने वाला विश्वकर्मा परिवार दीपावली की पूजा-अर्चना कर रहा था। इसी दौरान देवास रोड स्थित हार्डवेयर और इलेक्ट्रिकल्स की दुकान वाली बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मकान की ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। घटना के समय घर में तीन लोग मौजूद थे। इनमें से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 107 वर्षीय मोहनलाल तीसरी मंजिल पर फंस गए।
उज्जैन में आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। चार फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग बुझाने के साथ राहत और बचाव अभियान शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र की बिजली सप्लाई भी बंद कराई गई। काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
CSP श्वेता गुप्ता के मुताबिक, दुकान में हार्डवेयर के साथ पेंट भी रखा हुआ था। इसके कारण आग लगने के बाद धुआं काफी तेजी से फैला और रेस्क्यू अभियान में भी परेशानी हुई। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने और लोगों को बाहर निकालने की जानकारी दी थी। आग में दुकान का लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट होने की बात सामने आई है।
दीपावली की रात उज्जैन के फ्रीगंज इलाके में भी आगजनी की दूसरी घटना सामने आई। टावर चौक के पास स्थित सुराणा एक्सपोर्ट में अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। शुरुआती समय में दमकल वाहनों के नहीं पहुंचने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
दोनों घटनाओं में आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान पटाखों से आग लगने या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, असल कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल उज्जैन पुलिस इन दोनों हादसों की जांच कर रही है।