Ujjain Jail Dance Video: उज्जैन की भैरवगढ़ केंद्रीय जेल एक बार फिर चर्चा में है। उप जेल अधीक्षक के डांस वीडियो के बाद अब जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू का अपनी पत्नी के साथ डांस करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में वे फिल्म 'फर्ज' के गीत 'बार-बार दिन ये आए...' और 'फिरकी वाली तू कल फिर आना...' पर पत्नी के साथ थिरकते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में कार्यक्रम स्थल पर लगे होर्डिंग में 'केंद्रीय जेल भैरवगढ़' के नीचे 'LOVE' लिखा दिखाई दे रहा है, जिसे लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
लगातार सामने आ रहे इन वीडियो के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आलोचकों का कहना है कि संवेदनशील संस्थान होने के कारण जेल परिसर में इस तरह के आयोजनों और वीडियो वायरल होने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
ये भी पढ़ें : सिंधिया राजवंश की 500 साल पुरानी तोप चोरी: क्रेन लेकर पहुंचे 25-30 बदमाश, ले उड़े 3 टन की अष्टधातु की धरोहर
वीडियो वायरल होने के बाद जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उनके जन्मदिन के अवसर पर आयोजित एक पारिवारिक स्नेह मिलन समारोह था। उन्होंने कहा जेल परिसर में मेरे जन्मदिन के उपलक्ष्य में पारिवारिक और स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान मैंने अपनी पत्नी के साथ डांस किया। यह पूरी तरह पारिवारिक कार्यक्रम था। इसमें कुछ भी गलत नहीं है और न ही इससे किसी प्रकार की अनुशासनहीनता हुई है। जेल की सुरक्षा व्यवस्था में भी कोई चूक नहीं हुई।