जेल में पिंडदान फोटो सोर्स- नवभारत
उज्जैन

जिसकी हत्या की, उसी का किया तर्पण: उज्जैन जेल में 150 कैदियों ने किया अपने पितरों का तर्पण

Ujjain Jail Pind Daan : उज्जैन की केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में श्राद्ध पक्ष पर 150 महिला-पुरुष बंदियों ने पितरों की आत्मशांति के लिए सामूहिक तर्पण और पिंडदान किया। हत्या के कैदी ने मृतक का भी तर्पण किया।

अजय नीमा, प्रीतेश जैन

Ujjain Central Jail Shradh Tarpan : श्राद्ध पक्ष के दौरान उज्जैन की केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में भावुक और अलग तस्वीर सामने आई। यहां अपराधों की सजा काट रहे करीब 150 महिला और पुरुष बंदियों ने अपने दिवंगत परिजनों और पितरों की आत्मशांति के लिए सामूहिक तर्पण और पिंडदान किया।

जेल परिसर के सांस्कृतिक भवन में धार्मिक विधि-विधान से आयोजित कार्यक्रम में बंदियों ने अपने पूर्वजों को जल अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना की। आयोजन के दौरान जेल का माहौल श्रद्धा, भावनाओं और आत्ममंथन से भरा नजर आया।

जेल प्रशासन की पहल पर हुआ आयोजन

जेल प्रशासन की पहल पर आयोजित सामूहिक श्राद्ध कार्यक्रम में पंडित श्याम गुरु पंचोली ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। करीब 150 महिला और पुरुष बंदी इसमें शामिल हुए। बंदियों ने अपने दिवंगत माता-पिता, परिवार के सदस्यों और पूर्वजों को याद करते हुए तर्पण किया। कई बंदियों के लिए यह अवसर भावुक कर देने वाला रहा, क्योंकि धार्मिक अनुष्ठान के दौरान उन्हें अपने परिवार और बीती जिंदगी की याद आई।

जिस व्यक्ति की हत्या की, उसी का किया तर्पण

आयोजन का सबसे भावुक पहलू तब सामने आया, जब हत्या के मामले में सजा काट रहे एक कैदी ने उस व्यक्ति का भी तर्पण किया, जिसकी हत्या के मामले में वह जेल में बंद है। कैदी का कहना है कि उससे हत्या गलती से हुई थी। अब वह उसी व्यक्ति की आत्मा की शांति के लिए तर्पण और पूजन कर रहा है। उसने घटना को लेकर पश्चाताप जताते हुए मृतक की आत्मा की शांति की कामना की।

बंदियों ने गलतियों को याद कर किया आत्ममंथन

तर्पण में शामिल कुछ अन्य बंदियों ने भी अपने जीवन में हुई गलतियों को याद किया। उन्होंने कहा कि वे गंभीर अपराधों में सजा काट रहे हैं, लेकिन पितरों का स्मरण करते हुए उन्हें अपने परिवार और पुराने जीवन की याद आई। कुछ बंदियों ने अपनी गलतियों पर पछतावा जताते हुए मृत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उनके लिए यह आयोजन धार्मिक परंपरा निभाने के साथ अपने अतीत पर विचार करने का अवसर भी बना।

जेल अधीक्षक बोले- धार्मिक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर

उज्जैन जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से बंदियों को धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में शामिल होने का अवसर दिया जाता है। इसी क्रम में सामूहिक श्राद्ध तर्पण और पिंडदान का आयोजन कराया गया। कार्यक्रम में बंदियों ने पूरे विधि-विधान से अपने पितरों का स्मरण किया। जेल की चारदीवारी के भीतर हुए इस आयोजन में श्रद्धा के साथ मानवीय भावनाएं और आत्ममंथन भी दिखाई दिया।

CEC ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती, सर्च कमेटी पर नियमों की अनदेखी का आरोप

दिल्ली में सियासी लंच! बीजेपी का इंडिया गठबंधन पर जबरदस्त तंज, विपक्षी नेताओं को बताया गैर-जिम्मेदार

ISB के 25 साल पूरे, छात्रों के लिए 250 स्कॉलरशिप का ऐलान, देशभर में रिसर्च और फैकल्टी डेवलपमेंट पर जोर

CBI के 6 अधिकारियों पर होगी आपराधिक कार्रवाई, दिल्ली हाई कोर्ट के सामने दिया था झूठा बयान

INDIA ब्लॉक के नेता कल राष्ट्रपति मुर्मू से करेंगे मुलाकात, राहुल-खरगे-ममता और अखिलेश को मिली अनुमति