निगम ने गिराया भवन (फोटो सोर्स- नवभारत)
उज्जैन

महाकाल मंदिर के सामने जर्जर भवन पर निगम की कार्रवाई, 60 साल पुराना परचुरे भवन को JCB से गिराया

Ujjain Municipal Corporation : उज्जैन में महाकाल मंदिर के सामने 60 साल से ज्यादा पुराने जर्जर परचुरे भवन को नगर निगम ने हटाया। MANIT ने भवन को खतरनाक बताया था।

अजय नीमा, प्रीतेश जैन

Mahakal Temple Parchure Building Demolition : उज्जैन के महाकाल मंदिर के सामने लंबे समय से जर्जर हालत में खड़े परचुरे भवन को नगर निगम ने बुधवार को हटा दिया। करीब 60 साल से अधिक पुराने इस भवन की हालत काफी खराब हो चुकी थी। श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान निगम और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही।

परचुरे भवन की स्थिति की जांच भोपाल स्थित मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MANIT) की तकनीकी टीम ने भी की थी। जांच के दौरान भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पाई गई थीं। इसके अलावा एक भार वहन करने वाली दीवार बाहर की ओर झुकी हुई मिली थी। भवन के स्टील गर्डरों में जंग लगने के साथ ही छत की हालत भी खराब पाई गई थी।

सीलन और सीढ़ियों की खराब हालत से बढ़ रहा था खतरा

तकनीकी जांच में भवन में सीलन और सीढ़ियों की खराब स्थिति भी सामने आई थी। MANIT की रिपोर्ट में भवन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यहां लोगों की मौजूदगी को जोखिम भरा बताया गया था। खासकर महाकाल मंदिर के सामने होने के कारण यहां लगातार श्रद्धालुओं और आम लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में जर्जर भवन से किसी भी समय हादसे की आशंका बनी हुई थी।

महाकाल की सवारी में बढ़ सकता था हादसे का खतरा

महाकाल की सवारी और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। ऐसे समय में जर्जर भवन की छत या ऊपरी हिस्से पर लोगों के पहुंचने से भवन पर अतिरिक्त भार पड़ सकता था। इससे किसी बड़े हादसे का खतरा बढ़ने की आशंका थी। इसी को देखते हुए नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भवन को हटाने की कार्रवाई की।

सड़क निर्माण कार्य को भी मिलेगी गति

परचुरे भवन को हटाए जाने के बाद महाकाल मंदिर क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य को भी आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। भवन के कारण प्रभावित हो रहे क्षेत्र में अब निर्माण और विकास कार्यों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा। महाकाल क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के बीच निगम की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निगम और पुलिस की मौजूदगी में हटाया गया भवन

नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के निर्देश पर परचुरे भवन को हटाने की कार्रवाई की गई। मौके पर अधीक्षण यंत्री प्रमोद मालवीय, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, भवन निरीक्षक सौम्या चतुर्वेदी सहित निगम की रिमूवल गैंग और पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद रही। सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई को पूरा किया गया।

सिंहस्थ-2028 को देखते हुए जर्जर भवनों पर नजर

निगम अधिकारियों के अनुसार उज्जैन शहर में जर्जर और दुर्घटना की आशंका वाले भवनों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। सिंहस्थ 2028 और महाकाल की सवारी जैसे बड़े आयोजनों को देखते हुए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। महाकाल मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जर्जर भवनों को हटाने और जोखिम वाले स्थानों को सुरक्षित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

राजीव गांधी की जयंती, 'सूचना प्रौद्योगिकी के जनक' को राजनाथ सिंह ने किया नमन, विकास यात्रा में सराहा योगदान

RSS नेताओं का सम्मान नहीं... बैन करो, अमेरिकी संस्था USCIRF ने डोनाल्ड ट्रंप सरकार से की अपील, क्यों मचा बवाल?

तेलंगाना के नलगोंडा में प्रिंसिपल पर 27 बार किया चाकू से हमला, लूट के लिए 10वीं के छात्रों ने रची थी साजिश

आज की ताजा खबर 20 अगस्त LIVE: भारी बारिश के बाद दिल्ली-एयरपोर्ट रोड और द्वारका अंडरपास में भरा पानी

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी को तैयार दिल्ली, LG तरनजीत सिंह संधू ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश