Highlights :
भारतीय क्रिकेटर ईशांत शर्मा समेत दिल्ली क्रिकेट से जुड़े नौ खिलाड़ी उज्जैन पहुंचे।
सभी खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल के दर्शन किए और संध्याकालीन आरती में हिस्सा लिया।
ईशांत शर्मा ने कहा- आरती के दौरान लगता है जैसे साक्षात महाकाल विराजमान हों।
Ishant Sharma Visits Mahakal Temple : धर्मनगरी उज्जैन में बुधवार शाम बाबा महाकाल के दरबार में क्रिकेट जगत की कई जानी मानी हस्तियां पहुंचीं। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा समेत दिल्ली क्रिकेट से जुड़े नौ खिलाड़ियों ने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। सभी खिलाड़ी संध्याकालीन आरती में शामिल हुए और नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। इस दौरान खिलाड़ी भक्ति में लीन नजर आए। मंदिर परिसर में क्रिकेटर्स की मौजूदगी श्रद्धालुओं के बीच भी आकर्षण का केंद्र रही।
दर्शन और आरती के बाद भारतीय क्रिकेटर ईशांत शर्मा ने मीडिया से बातचीत में अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। संध्याकालीन आरती के दौरान ऐसा महसूस होता है मानो साक्षात भगवान महाकाल विराजमान हों। ईशांत ने मंदिर में की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की और दर्शन के दौरान सहयोग करने वाले मंदिर प्रशासन व अन्य लोगों का आभार जताया।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि जीवन में एक बार उज्जैन आकर बाबा महाकाल के दर्शन जरूर करें। उनके मुताबिक यहां का आध्यात्मिक वातावरण और आरती का अनुभव बेहद खास है जिसे शब्दों में बयान करना आसान नहीं है।
ईशांत शर्मा के साथ दिल्ली क्रिकेट से जुड़े प्रियांश आर्य, विजय दहिया, दिग्वेश राठी, सुयश शर्मा, मयंक रावत, यश धुल, अनुज रावत, केशव दबास और मयंक यादव भी मंदिर पहुंचे। सभी खिलाड़ियों ने विधि विधान से दर्शन पूजन किया और संध्याकालीन आरती में हिस्सा लिया। नंदी हॉल में बैठकर खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल की आराधना की। इस दौरान मंदिर की धार्मिक परंपराओं और व्यवस्थाओं को करीब से देखा। खिलाड़ियों को मंदिर में देखकर श्रद्धालुओं में भी उत्सुकता रही।
क्रिकेटर्स के उज्जैन आगमन पर जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंध समिति के अधिकारियों ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। कलेक्टर एवं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह, प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने खिलाड़ियों का स्वागत किया।
अधिकारियों ने उन्हें मंदिर की व्यवस्थाओं और दर्शन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी दी। खिलाड़ियों ने उज्जैन में मिले सम्मान और सुविधाओं के लिए आभार जताया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक एवं जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाड़िया ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया। समिति की ओर से दर्शन और आरती के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। उल्लेखनीय है कि बाबा महाकाल का दरबार देश विदेश की जानी मानी हस्तियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। राजनीति, फिल्म और खेल जगत से जुड़ी हस्तियां समय समय पर यहां पहुंचकर दर्शन करती रही हैं। बुधवार शाम क्रिकेट खिलाड़ियों की मौजूदगी भी मंदिर परिसर में चर्चा का विषय बनी रही।