Badnagar Raksha Bandhan Celebration: रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला त्योहार भी है। बड़नगर में आयोजित ‘स्नेहसूत्र’ कार्यक्रम में इसकी खूबसूरत मिसाल देखने को मिली। ‘संस्था सारथी’ के संस्थापक एवं भाजपा नेता यादवेंद्र यादव द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिंदू बहनों के साथ बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज की महिलाएं भी पहुंचीं।
उन्होंने यादवेंद्र यादव की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और उनके उज्ज्वल भविष्य व लंबी उम्र की दुआ की। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे कौमी एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में शामिल मुस्लिम बहनों ने यादवेंद्र यादव के प्रति अपने आत्मीय संबंध को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यादवेंद्र यादव का व्यवहार सभी लोगों के प्रति अपनत्व और सम्मान से भरा रहता है। बहनों के मुताबिक, मुश्किल समय में जरूरतमंदों के साथ खड़े रहना ही सच्चे भाई की पहचान है। उन्होंने कहा कि उनके लिए मजहब से ज्यादा इंसानियत और आपसी प्रेम मायने रखता है। इसी भावना के साथ उन्होंने यादवेंद्र यादव को राखी बांधकर अपना भाई माना और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुस्लिम और हिंदू बहनों द्वारा अपनी कलाई पर बांधी गई राखियों को देखकर भारतीय जनता पार्टी के नेता यादवेंद्र यादव भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बहनों से मिला प्रेम और आशीर्वाद उनके लिए बेहद खास है। यादवेंद्र यादव ने कहा कि मुस्लिम बहनों का यह स्नेह बड़नगर में मजबूत आपसी भाईचारे और प्रेम को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बहनों से मिले इस प्यार के लिए वह हमेशा उनके ऋणी रहेंगे और उनके अधिकार, सम्मान और हितों के लिए लगातार काम करते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान बहनों ने भी यादवेंद्र यादव को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
‘स्नेहसूत्र’ कार्यक्रम में एक ही मंच पर अलग-अलग समुदायों की महिलाओं का भाईचारे के साथ शामिल होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। आयोजन के जरिए रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक समरसता और सौहार्द से जोड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी विश्वास और सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हिंदू और मुस्लिम बहनों द्वारा एक-दूसरे के साथ प्रेम और सम्मान की भावना से शामिल होना बड़नगर की गंगा-जमुनी तहजीब की तस्वीर पेश करता है। आयोजन की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।