नाले में बहा 4 साल का मासूम (फोटो सोर्स- नवभारत) 
सिवनी

सिवनी में बारिश के बीच दर्दनाक हादसा: नाले में बहने से 4 वर्षीय मासूम की मौत, बेटे के बचाने के लिए मां भी कूदी

Seoni Rain Accident : सिवनी के खैरीटेक क्षेत्र में तेज बहाव वाले नाले में बहने से 4 वर्षीय मासूम ऋषि यादव की मौत हो गई। बेटे को बचाने नाले में कूदी मां को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला।

प्रीतेश जैन

Seoni Child Drowns in Drain: सिवनी जिले में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश अब लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसी बीच कोतवाली थाना क्षेत्र के खैरीटेक इलाके से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तेज बहाव वाले बरसाती नाले में बहने से चार वर्षीय मासूम ऋषि यादव की मौत हो गई। बेटे को बचाने के लिए नाले में कूदी उसकी मां की जान तो बच गई, लेकिन वह अपने इकलौते बेटे को नहीं बचा सकी।

जानकारी के अनुसार खैरीटेक क्षेत्र में नाले के किनारे बने मकान में रहने वाली सुनीता यादव बुधवार को अपने चार वर्षीय बेटे ऋषि यादव को घर के पीछे शौच कराने ले गई थी। घर के पीछे ही बरसाती नाला बहता है, जिसमें लगातार बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान मासूम ऋषि का पैर फिसल गया और वह सीधे नाले में जा गिरा।

बेटे को बचाने नाले में कूद गई मां

बेटे को पानी में बहता देख मां सुनीता यादव ने बिना एक पल गंवाए उसे बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी। मां-बेटे को बहते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस तथा बचाव दल को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद सुनीता यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कुछ दूरी पर मिला मासूम का शव

तेज बहाव में बह चुके मासूम ऋषि की तलाश लगातार जारी रही। कुछ दूरी पर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोतवाली थाना पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास बच्चों को अकेला न छोड़ें और विशेष सतर्कता बरतें। यह हादसा बरसात के मौसम में बढ़ते जलस्तर और लापरवाही के खतरों की एक गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।

MLC Election 2026: चार राज्यों की 28 सीटों पर मतदान खत्म, कब आएंगे नतीजे?

नेहा बोरा की याचिका दिल्ली हाई कोर्ट ने की खारिज, भरना पड़ेगा पीस बॉन्ड

बिहार के सीवान में पटाखा फैक्टरी में भीषण विस्फोट, आठ लोगों की मौत; कई घायल

LAC पर भारत-चीन के बीच क्या बातचीत चल रही है? विदेश मंत्रालय के बयान का पूरा मतलब समझिए

रुला रहा अलनीनो: दलहन-गुड़-शक्कर के भाव आसमान पर, एथनॉल उत्पादन पर लग सकती है रोक!