Highlights :
सीहोर गल्ला मंडी हत्याकांड में पांचों आरोपी पकड़े गए।
लईक कुरैशी की पेट में चाकू से वार कर हत्या की गई थी।
अंतिम आरोपी 22 वर्षीय आयान खान को भी राउंडअप किया गया।
पुलिस ने सीहोर के अलावा भोपाल और अशोकनगर में भी दबिश दी।
Sehore Galla Mandi Murder Case : सीहोर शहर की गल्ला मंडी में हुए लईक कुरैशी हत्याकांड के मामले में पुलिस ने अंतिम फरार आरोपी को भी राउंडअप कर लिया है। इसके साथ ही वारदात में शामिल बताए जा रहे सभी पांच आरोपियों को पकड़ लिया गया है। पुलिस के अनुसार पहले गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जिला जेल सीहोर भेजा जा चुका है। अंतिम आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक गल्ला मंडी क्षेत्र में मस्जिद के पास माता मंदिर चौराहा निवासी 45 वर्षीय लईक कुरैशी के घर के सामने आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की थी। इस दौरान उनके पेट में चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल सीहोर ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में थाना मंडी में अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया।
पुलिस ने इस मामले में पहले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनमें अजीज उर्फ बड्डू , सलीम, नौशाद और हासिम उर्फ भैय्या शामिल हैं। पुलिस के अनुसार चारों गल्ला मंडी मस्जिद के पास के निवासी हैं और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जिला जेल सीहोर भेज दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के निर्देशन में विशेष टीमें बनाई गई थीं। नगर पुलिस अधीक्षक अभिनंदना शर्मा के नेतृत्व में थाना प्रभारी अर्चना सिंह चौहान और उप निरीक्षकों की टीमों ने सीहोर के भिजोरी, मुंगावली, कस्बा, चकला चौराहा, दीवान बाग, जमशेद नगर और दूल्हा बादशाह कॉलोनी सहित भोपाल और अशोकनगर में संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस ने अब मामले के अंतिम आरोपी आयान खान (22), पिता अजीज कुरैशी, निवासी गल्ला मंडी मस्जिद के पास, सीहोर को भी राउंडअप कर लिया है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई में थाना मंडी पुलिस और साइबर टीम सहित कई पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।