सीहोर के बाराखंबा मेले में अव्यवस्थाओं का गंभीर आरोप।
मध्य प्रदेश के हर जीले से लाखों श्रद्धालु मेले में पहुंचे।
पशुपालकों ने गाय-भैंसों के दूध से भगवान पशुपतिनाथ का किया अभिषेक।
श्रद्धालुओं ने पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं होने का आरोप लगाया।
Barakhamba Fair Mismanagement In Sehore: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की इछावर तहसील स्थित ऐतिहासिक गाँव बाराखंबा में आयोजित प्रदेश के सबसे बड़े एक दिवसीय मेले में इस बार अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के इस केंद्र पर प्रशासनिक लापरवाही का ऐसा मंजर देखने को मिला जहाँ पूरा आयोजन लगभग राम भरोसे ही चलता रहा।
बाराखंबा मेले की अनूठी और प्राचीन धार्मिक मान्यता है। प्रदेश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में पशुपालक और ग्रामीण यहाँ अपने मवेशियों की सलामती, दूध उत्पादन में वृद्धि और गाँव की खुशहाली की मनौती लेकर आते हैं। श्रद्धालु भक्तिभाव से भगवान पशुपतिनाथ पर अपनी गाय-भैंसों का दूध अर्पित करते हैं, जिससे मंदिर परिसर में बाकायदा दूध की अविरल धारा बहने लगती है। लेकिन इस वर्ष श्रद्धालुओं की इस अटूट आस्था पर प्रशासनिक कुप्रबंधन भारी पड़ गया।
इतने बड़े और संवेदनशील धार्मिक आयोजन को लेकर एमपी पुलिस व स्थानीय प्रशासन का रवैया पूरी तरह गैर-जिम्मेदाराना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों और श्रद्धालुओं का आरोप है कि मेले में सुरक्षा और यातायात नियंत्रण के लिए न तो पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई और न ही एसडीएम, तहसीलदार या राजस्व विभाग का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद रहा। प्रशासनिक अधिकारियों की अनुपस्थिति से सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आई।
नतीजतन, मेले की ओर जाने वाले सभी मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। घंटों तक लगे भीषण जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। गाड़ियों के पहिए थम जाने से पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
पूर्व सूचना के बावजूद यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न किए जाने को लेकर श्रद्धालुओं में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की इस लापरवाही ने इतने बड़े धार्मिक उत्सव के रंग में भंग डालने का काम किया है।