Madhya Pradesh Congress Training Camp Satna: मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सतना में पार्टी का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इस आवासीय शिविर में सतना और मैहर जिलों के ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष तथा मंडल अध्यक्ष शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक अधिक सक्रिय, प्रभावी और सशक्त बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान कार्यकर्ताओं को जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को बेहतर तरीके से उठाने और जनता के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही आगामी राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक तैयारी और संगठनात्मक समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि बूथ स्तर पर पार्टी की उपस्थिति और प्रभाव बढ़ाया जा सके।
प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिन मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की भूमिका और जनता तक कांग्रेस की विचारधारा को प्रभावी रूप से पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा देने का काम करेगा। पटवारी ने विश्वास जताया कि इससे संगठन को मजबूत आधार मिलेगा और आने वाले समय में एक अधिक सशक्त, संगठित तथा जनहित के मुद्दों पर सक्रिय कांग्रेस के निर्माण में यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान भी किया।
पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेंद्र सिंह ने संगठनात्मक अनुभव साझा करते हुए जमीनी स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और बूथ स्तर तक कांग्रेस की सक्रियता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संगठन विस्तार, मतदाता सूची पुनरीक्षण, प्रभावी संवाद, मीडिया प्रबंधन तथा बूथ स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों को मजबूत करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा केस: CBI मंगलवार को ले सकती है चार्ज, एसआईटी की केस डायरी तैयार; समर्थ से कराया गया सीन रिक्रिएट
मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे तथा संगठन को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। दो दिवसीय यह प्रशिक्षण शिविर संगठनात्मक क्षमता विकास, नेतृत्व निर्माण, बूथ सशक्तिकरण तथा कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक पहल है। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि इस प्रशिक्षण से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता और प्रभावशीलता में वृद्धि होगी।