Sagar Precious Beads: मध्य प्रदेश के सागर जिले के केसली ब्लॉक के जैतपुर डोमा गांव में इन दिनों एक अनोखा मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां बंजर जमीन से निकल रहे कथित 'कीमती माला के दाने' ग्रामीणों के लिए कमाई का नया जरिया बन गए हैं। दावा किया जा रहा है कि इन दानों की कीमत 100 रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक मिल रही है। यही वजह है कि पिछले 15 दिनों से दर्जनों ग्रामीण सुबह से शाम तक इन दानों की तलाश में जुटे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक अब तक करीब 10 लोगों को ऐसे दाने मिल चुके हैं। इनमें से एक दाने की कीमत 25 हजार रुपये तक लगाई गई। खास बात यह है कि मौके पर ही खरीददार भी मौजूद रहते हैं, जो दानों की गुणवत्ता देखकर नकद भुगतान कर उन्हें खरीद लेते हैं।
जैतपुर डोमा गांव में हर दिन महिलाएं, पुरुष और बच्चे बंजर जमीन पर पहुंचकर मिट्टी की छानबीन करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में रोजगार के सीमित साधनों के बीच यह उनके लिए अतिरिक्त आय का माध्यम बन गया है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि ये दाने संभवतः मुगलकालीन माला के मोती या किसी प्राचीन आभूषण का हिस्सा हो सकते हैं। हालांकि, इस दावे की अब तक किसी सरकारी एजेंसी या पुरातत्व विभाग ने पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले देवरी के सिलारी और केसली के मदनपुर गांव में भी इसी तरह के दाने मिलने की बातें सामने आई थीं।
इन दानों को खरीदने वाले व्यापारियों का कहना है कि वे इन्हें आगे बेच देते हैं, लेकिन इनका अंतिम उपयोग क्या है या ये वास्तव में किस चीज के बने हैं, इसकी जानकारी उन्हें भी नहीं है। फिलहाल, इन कथित कीमती दानों की असली पहचान और ऐतिहासिक महत्व जांच का विषय बना हुआ है। यदि जिला प्रशासन या पुरातत्व विभाग इस मामले की जांच करता है तो इसके पीछे की सच्चाई सामने आ सकती है।