सागर शराबकांड पर आया राहुल गांधी का बयान (सोर्स- सोशल मीडिया)
सागर

दवा जहरीली, शराब जहरीली, पानी जहरीला...सागर शराबकांड पर राहुल गांधी का MP सरकार पर बड़ा हमला

Sagar Liquor Case: सागर जहरीली शराबकांड पर राहुल गांधी का एमपी सरकार पर बड़ा हमला, कहा- दवा जहरीली, शराब जहरीली, पानी जहरीला, नेता प्रतिपक्ष ने जमकर साधा निशाना।

सरजू पटेल, सजल रघुवंशी

Rahul Gandhi Statement On Sagar Liquor Case: सागर के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मामला अब सियासी रंग ले चुका है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए मध्यप्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए पूछा कि हादसे होने के बाद कार्रवाई करने के बजाय उन्हें रोकने के लिए पहले से प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए जाते।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में शासन व्यवस्था और जवाबदेही का अभाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं के बाद कुछ गिरफ्तारियां और अधिकारियों पर कार्रवाई होती है, लेकिन मूल सवाल व्यवस्था की जिम्मेदारी का है।

‘हादसे के बाद गिरफ्तारी, निलंबन और जांच... लेकिन रोकथाम कब?’

राहुल गांधी ने लिखा कि जहरीली शराब ने कई लोगों की जान ले ली और उनके परिवारों में मातम पसरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि हर बड़े हादसे के बाद कुछ लोगों की गिरफ्तारी, कुछ अधिकारियों का निलंबन और जांच के आदेश दिए जाते हैं, लेकिन हादसे को रोकने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई जाती? उन्होंने सरकार से यह भी पूछा कि लोगों की जान जाने के बाद होने वाली कार्रवाई कब तक शासन व्यवस्था का हिस्सा बनी रहेगी।

‘दवा जहरीली, शराब जहरीली, पानी जहरीला’

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मध्यप्रदेश में सामने आए अन्य मामलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और पिछले साल जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामलों का हवाला देते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।उन्होंने तंज करते हुए लिखा—“दवा जहरीली, शराब जहरीली, पानी जहरीला।” राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नए कानून और नियम बनाए जाते हैं, लेकिन किसी घटना के बाद कार्रवाई तक ही व्यवस्था सीमित रह जाती है। उन्होंने मध्यप्रदेश में लंबे समय से बीजेपी की सरकार होने का उल्लेख करते हुए पूछा कि आखिर जवाबदेही किसकी है?

निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग

राहुल गांधी ने सागर में हुई मौतों की निष्पक्ष जांच कराने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जांच में जिस भी व्यक्ति की लापरवाही या मिलीभगत सामने आए, उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इतनी गंभीर घटना के बाद जिम्मेदारी केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित रहनी चाहिए या व्यवस्था के उच्च स्तर पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।

शराब कांड पर और गरमा सकती है सियासत

सागर के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्रवाई जारी है। वहीं विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। राहुल गांधी के बयान के बाद सागर शराब कांड को लेकर प्रदेश की सियासत और गरमाने के आसार हैं। अब सरकार की ओर से राहुल गांधी के आरोपों पर क्या जवाब दिया जाता है और जांच में जिम्मेदारों को लेकर क्या कार्रवाई होती है, इस पर नजर रहेगी।

धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ कोलकाता में FIR, मांस न खाने की सलाह देकर घिरे बाबा बागेश्वर; BJP भी दूरी बनाई

PM Modi Mumbai Visit: ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में शामिल हुए पीएम मोदी, बोले- सरकार में मेरे 25 साल पूरे

PM मोदी के कार्यक्रम से पहले मुंबई में बड़ी सुरक्षा चूक, PMO के फर्जी ID और बंदूक के साथ 2 संदिग्ध गिरफ्तार

वडोदरा में Gen-Z के बीच पीएम मोदी का अनोखा अंदाज, फिल्म धुरंधर के गाने पर ली ग्रैंड एंट्री; देखें Video

चौकीदार चोर है, टिप्पणी केस में बढ़ी राहुल गांधी की मुश्किलें! बॉम्बे HC ने केस रद्द करने से किया इनकार