Sidhi Rewa Highway Accident: सीधी-रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। बदबार स्टैंड के पास सीधी की ओर से आ रही पवन एक्सप्रेस बस और रीवा की तरफ से आ रहे बल्कर के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में करीब 12 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, हालांकि मृतकों की संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि प्रशासन ने अब तक 7 मौतों की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार हादसा बदबार स्टैंड के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पवन एक्सप्रेस बस और सामने से आ रहे बल्कर की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत गुढ़ थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एमपी पुलिस और राहत दल के साथ मिलकर घायलों को क्षतिग्रस्त बस से बाहर निकालने में मदद की। बताया जा रहा है कि हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में घायलों का इलाज शुरू कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से चिकित्सकों को घायलों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। पुलिस की टीमें दुर्घटना में फंसे लोगों को निकालने के साथ घटनास्थल की स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हैं। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 39 पर यातायात भी प्रभावित हुआ है। वाहनों को व्यवस्थित तरीके से निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भीषण हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। शुरुआती जानकारी में करीब 12 लोगों की मौत की बात सामने आ रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।