कार्यकर्ताओं को समझाते जीतू पटवारी (फोटो सोर्स- नवभारत) 
रतलाम

रतलाम में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के बाद हंगामा, जीतू पटवारी की गाड़ी के आगे बैठे नाराज कार्यकर्ता

Jitu Patwari Ratlam Visit: रतलाम में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर के बाद दो नाराज कार्यकर्ताओं ने जीतू पटवारी के काफिले के सामने विरोध प्रदर्शन किया। जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है।

प्रीतेश जैन

Ratlam Congress Workers Protest: रतलाम शहर में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद उस समय राजनीतिक माहौल गर्मा गया, जब अपनी मांगों और संगठनात्मक नाराजगी को लेकर पहुंचे दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के काफिले के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए मौके पर हंगामे जैसी स्थिति बन गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार विरोध कर रहे दोनों कार्यकर्ता कांग्रेस संगठन में पूर्व पदाधिकारी रह चुके हैं। प्रशिक्षण शिविर समाप्त होने के बाद जैसे ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का काफिला कार्यक्रम स्थल से रवाना होने लगा, दोनों कार्यकर्ता सड़क पर दरी बिछाकर उनके वाहन के सामने बैठ गए। इस दौरान उन्होंने संगठन में उपेक्षा और पदों के वितरण को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की

स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को सड़क से हटाने का प्रयास किया। इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस और कांग्रेस नेताओं की समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रण में रही।

दोनों को अपने साथ ले गए पटवारी

घटना के बीच जीतू पटवारी ने अपना वाहन रुकवाया और पहले कार्यकर्ताओं के इस तरीके से विरोध जताने पर नाराजगी व्यक्त की। इसके बाद वे वाहन से नीचे उतरे और दोनों कार्यकर्ताओं से अलग से चर्चा की। बातचीत के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की बातें सुनीं और उन्हें शांत रहने की सलाह दी। चर्चा के बाद पटवारी ने दोनों कार्यकर्ताओं को गले लगाया और अपने वाहन में बैठाकर साथ ले गए।

जमीनी कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप

बताया जा रहा है कि बाद में रतलाम पहुंचने पर दोनों कार्यकर्ताओं को वाहन से उतार दिया गया। विरोध करने वाले कार्यकर्ताओं का आरोप है कि जिला कांग्रेस कार्यकारिणी में ऐसे नेताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, जो पहले से ही संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर हैं। वहीं लंबे समय से पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है।

कांग्रेस का अंदरुनी असंतोष बाहर आया

कार्यकर्ताओं का यह भी कहना है कि प्रशिक्षण शिविर के दौरान उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिला, जिसके कारण उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष विरोध दर्ज कराना पड़ा। घटना ने एक बार फिर मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन के भीतर चल रही असंतोष की चर्चाओं को हवा दे दी है।

केरलम में बड़ा हादसा, त्रिशूर में खड़ी लॉरी से टकराई कार, तमिलनाडु के कॉलेज के 8 छात्रों की दर्दनाक मौत

अहमदाबाद में वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज का आगाज, अमित शाह ने किया उद्घाटन; 19 देशों के 108 तीरंदाज लेंगे हिस्सा

Teacher Day Special: खान सर से अलख पांडेय तक, डिजिटल गुरुओं ने देश के कोने-कोने में कैसे पहुंचाई सस्ती शिक्षा?

मुफ्त में काम कराने में नंबर-1 भारत, 16 घंटे से ज्यादा Unpaid वर्क करते हैं कर्मचारी; ADP रिपोर्ट में खुलासा

जिस नेता को बड़ा भाई बता हांक रहा था डींगे, उस नेता ने भी दर्ज कराई शिकायत...चौतरफा फंसा स्वतंत्र भारद्वाज