Highlights:
मध्य प्रदेश में पहली बार न्यूनतम तापमान 11 डिग्री से नीचे पहुंचा।
कटनी के करौंदी में सीजन का सबसे कम 10.4 डिग्री तापमान दर्ज।
पचमढ़ी से ज्यादा ठंडे रहे करौंदी और अमरकंटक।
अगले चार दिनों में रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री गिरावट का अनुमान।
Madhya Pradesh Weather News : दिवाली के बाद मध्य प्रदेश में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रात के तापमान में लगातार गिरावट के बीच प्रदेश में इस सीजन पहली बार न्यूनतम पारा 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
कटनी जिले के करौंदी में रात का तापमान गिरकर 10.4 डिग्री पर पहुंच गया। खास बात यह है कि प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी करौंदी और अमरकंटक में ज्यादा ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक और गिरावट आने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 10 नवंबर की रात से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसका प्रभाव मध्य प्रदेश में करीब दो दिन बाद दिखाई दे सकता है। फिलहाल प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक ट्रफ गुजर रही है, जिसके कारण कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं। हालांकि अभी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
प्रदेश में ठंड के बदलते मिजाज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पचमढ़ी के मुकाबले करौंदी और अमरकंटक में रातें ज्यादा सर्द हो रही हैं। बीती रात करौंदी में सबसे कम 10.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। अमरकंटक में 11.4, कल्याणपुर में 11.8, दमोह में 12.5 और रायसेन में 12.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा।
ठंड का असर प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी दिखाई देने लगा है। उमरिया में न्यूनतम तापमान 13, जबलपुर और पचमढ़ी में 13.4, छिंदवाड़ा में 13.5, मलाजखंड और रीवा में 13.6 तथा मंडला में 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल और इंदौर में पारा 14 डिग्री रह, जबकि नौगांव में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कटनी का करौंदी इन दिनों प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। मौसम के जानकारों के अनुसार इसकी भौगोलिक स्थिति भी कम तापमान की एक बड़ी वजह है। यह गांव विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के ढलान पर बसा है। रात में पहाड़ियों की ऊपरी सतह की हवा ठंडी होकर भारी हो जाती है और ढलान से नीचे की ओर बहने लगती है। इस प्रक्रिया को कैटाबेटिक विंड्स कहा जाता है। इसके साथ तापमान प्रतिलोमन यानी थर्मल इन्वर्जन की स्थिति भी निचले इलाकों में ठंड बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में सर्दी का असर तेज होने लगेगा। ग्वालियर चंबल संभाग में उत्तरी हवाओं के कारण रात के तापमान में ज्यादा गिरावट हो सकती है। ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी यहां कड़ाके की ठंड की गवाही देते हैं। ग्वालियर में नवंबर के दौरान न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और उज्जैन में 2.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
ठंड के साथ प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना भी बनी हुई है। भोपाल, इंदौर और जबलपुर में नवंबर के दौरान बारिश होने का ट्रेंड रहा है। इस बार महीने की शुरुआत में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार नवंबर के तीसरे और चौथे सप्ताह में नए मौसम सिस्टम सक्रिय होने पर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।