मुरैना में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा (सोर्स- सोशल मीडिया)
मुरैना

मुरैना में दर्दनाक हादसा, नदी में बहे दोस्त को बचाने पकड़ ली राखी; धागा टूटते ही ओझल हुआ युवक

Morena River Accident: मुरैना में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, 20 वर्षीय युवक सत्यम पानी के तेज बहाव में बहा, दोस्त ने छलांग लगाकर बचाने की कोशिश की, लेकिन धागा टूटते ही आंखों से ओझल हुआ सत्यम।

योगेश पाराशर, सजल रघुवंशी

Morena Youth Drowned: मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र के बरेथा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। क्वारी नदी में दोस्तों के साथ नहाने गया 20 वर्षीय युवक तेज बहाव में बह गया। उसे बचाने की कोशिश में उसके दोस्त ने नदी में छलांग लगाकर कलाई में बंधी राखी पकड़ ली, लेकिन राखी का धागा टूट जाने से युवक पानी के तेज बहाव में ओझल हो गया।

सूचना मिलते ही ग्रामीणों, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर रात तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

दोस्तों के साथ नहाने गया था सत्यम

जानकारी के अनुसार बरेथा गांव निवासी 20 वर्षीय सत्यम पुत्र अरविंद परमार रविवार दोपहर अपने तीन दोस्तों के साथ क्वारी नदी में नहाने पहुंचा था। दोपहर करीब ढाई बजे चारों युवक नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान तीन युवक गहरे पानी की ओर चले गए और गोते लगाने लगे। कुछ देर बाद दो युवक सुरक्षित तैरकर किनारे आ गए, लेकिन सत्यम अचानक पानी के तेज बहाव में फंस गया और नदी के बीचों-बीच बहने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन हालात तेजी से बिगड़ते चले गए।

राखी पकड़कर बचाने की कोशिश, टूट गया धागा

सत्यम को बहता देख उसके एक दोस्त ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। उसने किसी तरह सत्यम तक पहुंचकर उसकी कलाई में बंधी राखी पकड़ ली और उसे अपनी ओर खींचने लगा। कुछ क्षणों के लिए लगा कि सत्यम को बचा लिया जाएगा, लेकिन तेज बहाव और खींचतान के कारण राखी का धागा टूट गया। धागा टूटते ही सत्यम दोस्त की पकड़ से छूट गया और देखते ही देखते नदी की धार में दूर तक बह गया।

ग्रामीणों ने शुरू की तलाश, पुलिस को दी सूचना

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण बड़ी संख्या में नदी किनारे पहुंच गए और अपने स्तर पर युवक की तलाश शुरू कर दी। घटना की सूचना दिमनी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल एसडीआरएफ को रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सूचना भेजी गई। नदी में पानी का बहाव अधिक होने के कारण सर्चिंग में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

ग्वालियर एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

बताया गया कि उस समय मुरैना जिले एसडीआरएफ की टीम पगारा डैम में चल रहे एक अन्य रेस्क्यू ऑपरेशन में व्यस्त थी। ऐसे में ग्वालियर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। शाम करीब पांच बजे टीम बरेथा गांव पहुंची और मोटरबोट की मदद से क्वारी नदी में सर्चिंग शुरू की। जवानों ने टॉर्च और अन्य उपकरणों की सहायता से देर रात तक युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिलहाल एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम सत्यम की खोज में जुटी हुई है।

CJP Tiranga March Live: अभिजीत दिपके का आज दिल्ली में तिरंगा प्रदर्शन, कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू

IMD Weather Alert: दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी बदलेगा मौसम

ज्ञानू भाई, इतना काफी नहीं... इस्तीफा देकर सरकारी गवाह बन जाइए, वेणुगोपाल का ज्ञानेश कुमार पर हमला

CJP Protest: दिल्ली पुलिस मुझे उठा सकती है, अभिजीत दिपके बोले- तिरंगा फहराने के लिए जेल जाने को तैयार

वो IAS अधिकारी कौन है? जो बाद में CM बना, क्या UP में दिव्या मित्तल रचेंगी इतिहास?