Morena Ambulance Delay : मुरैना के सरायछौला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे के बाद एंबुलेंस की कथित देरी का मामला सामने आया है। दो बाइकों की भिड़ंत में 18 वर्षीय युवक घायल होकर हाईवे पर पड़ा रहा। आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया, लेकिन काफी देर तक मदद नहीं पहुंची।
इसके बाद कुछ नाबालिगों ने पास के घर से खटिया उठाई और घायल युवक को उस पर लिटाकर करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर सरायछौला थाने पहुंचाया। पुलिस ने डायल-112 की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार सरायछौला गांव निवासी 18 वर्षीय छोटू पुत्र नूर मोहम्मद खान देवपुरी मंदिर के पास एक दुकान पर काम करता है। रविवार रात दुकान मालिक अपनी बाइक भानपुर गांव स्थित घर पर छोड़ आया था। बाइक वापस लाने के लिए उसने छोटू को भेजा था। छोटू बाइक लेकर अल्लाबेली चौकी के पास पहुंचा ही था, तभी किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद छोटू सड़क पर गिर गया। उसके पैर में गंभीर चोट आई और बताया जा रहा है कि पैर फ्रैक्चर हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक की मदद करने की कोशिश की। लोगों ने एंबुलेंस के लिए कई बार फोन किया, लेकिन इंतजार के बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायल युवक सड़क पर ही तड़पता रहा।
जब काफी देर तक एंबुलेंस नहीं आई तो आसपास मौजूद कुछ नाबालिगों ने पास के एक घर से खटिया उठाई। उन्होंने घायल छोटू को खटिया पर लिटाया और करीब एक किलोमीटर दूर सरायछौला थाने तक पैदल लेकर पहुंचे। घायल को इस तरह थाने पहुंचता देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल मदद की।
थाना प्रभारी केके सिंह ने घायल युवक की हालत देखकर डायल-112 वाहन की मदद से उसे मुरैना जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में छोटू का उपचार शुरू किया गया। हादसे में उसे गंभीर चोट आने की बात सामने आई है। वहीं पुलिस अब टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद लोगों द्वारा कई बार एंबुलेंस को फोन किए जाने के बावजूद मौके पर मदद नहीं पहुंचने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के बजाय लोगों को पहले उसे खटिया पर रखकर थाने तक ले जाना पड़ा। मामले में अब यह भी सवाल उठ रहा है कि आपात स्थिति में मुरैना में एंबुलेंस सेवा मौके पर समय से क्यों नहीं पहुंच सकी।