मुरैना गांव स्थित दाऊजी मंदिर में दर्शन करते मुरैना पुलिस अधीक्षक की पत्नी  फोटो सोर्स - नवभारत
मुरैना

700 साल पुरानी परंपरा, साढ़े तीन दिन के मेहमान बनकर मुरैना पहुंचे द्वारिकाधीश, बैंड बाजों के साथ निकली सवारी

Morena Old Tradition : मुरैना गांव में 700 साल पुरानी परंपरा के तहत दीपावली पर भगवान द्वारिकाधीश साढ़े तीन दिन के लिए दाऊजी मंदिर पहुंचे। बैंड बाजों के साथ सवारी निकली और नाग नाथने की लीला शुरू हुई।

योगेश पाराशर, शाजेब खान

Highlights :

  • मुरैना गांव में करीब 700 साल पुरानी धार्मिक परंपरा का आयोजन।

  • दीपावली की पड़वा पर साढ़े तीन दिन के मेहमान बनकर पहुंचे भगवान द्वारिकाधीश।

  • महंत के घर से दाऊजी मंदिर तक बैंड बाजों के साथ निकली भव्य सवारी।

700 year old Morena tradition : एमपी के मुरैना गांव में करीब 700 साल पुरानी अनूठी धार्मिक परंपरा एक बार फिर आस्था और उल्लास के साथ शुरू हो गई है। दीपावली की पड़वा पर भगवान द्वारिकाधीश अपने भक्त गोपराम स्वामी को दिए वचन को निभाने साढ़े तीन दिन के मेहमान बनकर गांव पहुंचे। मंगलवार को भगवान की भव्य सवारी बैंड बाजों के साथ निकाली गई। रथ पर भगवान श्रीकृष्ण और बलदाऊ के स्वरूप में दो बालकों को विराजमान कराया गया। हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन के साक्षी बने।

महंत के घर से दाऊजी मंदिर तक निकली भगवान की सवारी

भगवान द्वारिकाधीश की सवारी मंदिर के महंत के घर से शुरू होकर दाऊजी मंदिर पहुंची। रास्तेभर श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा और उनकी पत्नी भी दाऊजी मंदिर पहुंचे और भगवान की पूजा की। भगवान के आगमन के साथ ही मुरैना गांव में साढ़े तीन दिन तक चलने वाले पारंपरिक लीला मेले की शुरुआत हो गई।

गोपराम स्वामी को दिए वचन से जुड़ी है परंपरा

दाऊजी मंदिर की प्रमुख मान्यताओं में भगवान द्वारिकाधीश के मुरैना गांव आने की परंपरा शामिल है। मान्यता है कि गोवर्धन पूजा से भगवान साढ़े तीन दिन के लिए यहां विराजते हैं। इस दौरान मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की अलग अलग लीलाओं का आयोजन किया जाता है। कहा जाता है कि गोपेश्वर यानी गोपराम स्वामी कभी द्वारिका नहीं जा सके थे। उन्होंने भगवान से द्वारिका आने की इच्छा जताई थी। उनकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान ने स्वयं मुरैना गांव आने का वचन दिया। तभी से दीपावली पर भगवान द्वारिकाधीश के साढ़े तीन दिन के प्रवास की परंपरा निभाई जा रही है।

मंदिर से जुड़ी हैं तीन खास मान्यताएं

दाऊजी मंदिर और मुरैना गांव से जुड़ी तीन प्रमुख मान्यताएं बताई जाती हैं।

बच्चे के जन्म की मान्यता

कहा जाता है कि एकादशी से दीपावली के लक्ष्मी पूजन तक स्वामी परिवार में एक बच्चे का जन्म होता है। यही बच्चा पूतना लीला में शामिल होता है।

गाय और बछड़े की मान्यता

मान्यता है कि जिस रंग की गाय होती है, उसी रंग का बछड़ा उसके यहां जन्म लेता है।

तालाब में नाग देवता के दर्शन

मंदिर के बाहर बने तालाब में पड़वा के दिन नाग देवता के दर्शन होने की मान्यता है। इसे भगवान द्वारिकाधीश के आगमन का संकेत माना जाता है।

इन्हीं मान्यताओं के चलते दीपावली के दौरान यहां साढ़े तीन दिन तक भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का आयोजन होता है।

नवजात बालक से कराई गई नाग नाथने की लीला

इस आयोजन की खास परंपराओं में नाग नाथने की लीला भी शामिल है। लीला के पहले दिन तालाब के पास हजारों श्रद्धालु जुटते हैं। मान्यता के अनुसार इस दौरान तालाब में सांप भी दिखाई देता है। इस बार लीला की प्रतीकात्मक शुरुआत स्वामी परिवार में जन्मे नवजात बालक से कराई गई। महेश स्वामी के पुत्र जितेंद्र स्वामी के घर जन्मे बालक को टोकरी में रखकर दाऊजी मंदिर लाया गया। इसके बाद इसी बालक के माध्यम से भगवान की लीला का शुभारंभ कराया गया।

तीन दिन तक होंगे धार्मिक और सामाजिक आयोजन

भगवान द्वारिकाधीश के प्रवास के दौरान गांव में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। विभिन्न समाजों की पंचायतों के साथ कन्हैया गायन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बार प्रजापति समाज की ओर से प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

अंतिम दिन होगी पारंपरिक घुड़दौड़

साढ़े तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन के अंतिम दिन अलसुबह पारंपरिक घुड़दौड़ होगी। इसमें बड़ी संख्या में घुड़सवार हिस्सा लेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विभिन्न लोगों की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा। इस तरह भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं लोक मान्यताओं और सदियों पुरानी परंपरा से जुड़ा ये आयोजन मुरैना गांव में दीपावली के उत्सव को खास बना देता है।

Kolkata Flight Hijack: एयर इंडिया की फ्लाइट में हाईजैक अलर्ट, पायलट ने 'हाईजैक' का मैसेज भेजा

'राम मंदिर कभी नहीं जाऊंगा', कीर्ति आजाद बोले- भगवान राम ने मां सीता का परित्याग किया, देखें वीडियो

असम में पटरी से कैसे उतरी कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस? लोको पायलट से हुई चूक, जान लें प्रभावित ट्रेनों की लिस्ट

8th Pay Commission: 1,000 से बढ़कर 3,000 रुपए होगी EPS की रकम! घर बैठे ऐसे कैलकुलेट करें अपनी नई ग्रॉस सैलरी

पंजाब के संगरूर में बड़ा हादसा, CM आवास के पास ओवरब्रिज से टकराकर पलटी बस, 3 की मौत, 12 से ज्यादा घायल