MP Crime News : धर्म नगरी उज्जैन से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सुरक्षा एजेंसियों और सामाजिक संगठनों के कान खड़े कर दिए हैं। यहां विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के पास पंजाब के मोहाली से आए एक मुस्लिम युवक को अपनी पहचान छिपाकर हिंदू युवती के साथ घूमते हुए पकड़ा गया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद जफर के रूप में हुई है, जो उज्जैन में दिलवर बनकर रह रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जफर ने खुद को पूरी तरह हिंदू रंग-रूप में ढाल रखा था। उसने बदन पर पीला कुर्ता, गले में रुद्राक्ष की माला और माथे पर तिलक लगा रखा था ताकि किसी को उस पर शक न हो। वह एक हिंदू युवती के साथ महाकाल दर्शन करने पहुँचा था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने उसे रोका। सख्ती से पूछताछ करने पर पहले तो वह खुद को हिंदू बताता रहा, लेकिन बाद में उसने स्वीकार किया कि वह मुस्लिम है और मोहाली का रहने वाला है।
इस घटना की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इसमें बजरंग दल के कार्यकर्ता आरोपी युवक से पूछताछ और उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। जांच में सामने आया कि जफर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए युवती की आईडी का इस्तेमाल किया और नानखेड़ा क्षेत्र की एक होटल में कमरा लिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। एडिशनल एसपी गुरुप्रसाद पराशर ने बताया कि युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है कि पहचान छिपाने के पीछे का असल मकसद क्या था। पहचान छिपाकर युवतियों को झांसे में लेने की यह कोई पहली घटना नहीं है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के बरेली में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जहां एक युवक अपनी असल पहचान छिपाकर मंदिर परिसर में हिंदू लड़की के साथ घूम रहा था। पकड़े जाने पर पता चला कि वह दूसरे समुदाय से है और उसने फर्जी नाम का सहारा लिया था। ऐसी घटनाओं के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए प्रशासन अब होटलों और मंदिर परिसरों में आईडी वेरिफिकेशन को लेकर अधिक कड़ाई बरतने की बात कह रहा है।