Mandsaur Dalauda Akya Village Minor Girl Death Case: मंदसौर जिले के दलौदा थाना क्षेत्र के आक्या गांव में 14 वर्षीय बालिका की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। दो दिनों से लापता बालिका का शव गांव के एक कुएं से बरामद होने के बाद परिजनों और समाजजनों में भारी आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोगों ने महू-नीमच फोरलेन हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन किया और मामले में हत्या तथा दुष्कर्म की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार बालिका मंगलवार सुबह घर से खेत जाने के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर दलौदा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों ने गांव के ही एक युवक अनिल मालवीय पर बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका भी जताई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर गांव के एक कुएं में तलाश अभियान चलाया गया। कुएं का पानी मोटर की सहायता से बाहर निकाला गया और कई घंटों की मशक्कत के बाद गुरुवार देर रात बालिका का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की जांच शुरू की।
पोस्ट मार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को परिजन और समाजजन शव लेकर महू-नीमच फोरलेन स्थित सरसोद फंटे पर पहुंच गए और चक्काजाम कर दिया। महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
यह भी पढ़ें: सागर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, बुजुर्ग किसान की मौत के बाद भड़का आक्रोश; दो रसूखदार कॉलोनाइजर गिरफ्तार
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एडिशनल एसपी, एसडीएम सहित आसपास के पांच थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारी आरोपी के मकान पर कार्रवाई, सभी दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे। काफी समझाइश और प्रशासन द्वारा लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।