Highlights:
मंदसौर के गांधीसागर में 11,500 करोड़ रुपये की पंप्ड हाइड्रो परियोजना।
9 टर्बाइन से 1920 मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता।
अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा से पानी ऊपरी जलाशय तक पहुंचाया जाएगा।
निर्माण के दौरान करीब 4 हजार लोगों को रोजगार मिला।
Gandhi Sagar Pumped Hydro Project : मंदसौर जिले में गांधीसागर जलाशय के पास देश की सबसे बड़ी स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना आकार ले रही है। करीब 11,500 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना की स्थापित क्षमता 1920 मेगावाट होगी।
इस प्रोजेक्ट का मकसद केवल बिजली पैदा करना नहीं, बल्कि सौर और पवन ऊर्जा से बनी अतिरिक्त बिजली को स्टोर कर जरूरत के समय इस्तेमाल करना भी है। नवभारत लाइव की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस मेगा प्रोजेक्ट की तकनीक, क्षमता और रोजगार से जुड़ी जानकारियां जुटाईं।
यह परियोजना पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज तकनीक पर आधारित है। जब ग्रिड में सौर और पवन ऊर्जा की अतिरिक्त उपलब्धता होगी, तब उसी बिजली से मोटरें चलाकर गांधीसागर के निचले जलाशय से पानी ऊपरी जलाशय तक पहुंचाया जाएगा। इसके बाद जब शाम या पीक आवर्स में बिजली की मांग बढ़ेगी, तब ऊपरी जलाशय से पानी नीचे छोड़ा जाएगा। पानी के तेज बहाव से टर्बाइन घूमेंगे और बिजली तैयार होगी। इस तरह अतिरिक्त ग्रीन एनर्जी को जरूरत के समय इस्तेमाल करने लायक बनाया जा सकेगा।
परियोजना में कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं, जिनकी संयुक्त स्थापित क्षमता 1920 मेगावाट होगी। परियोजना एक बार में लगातार करीब 6 घंटे तक बिजली उत्पादन कर सकेगी। कंपनी के अनुसार इसकी राउंड ट्रिप एफिशिएंसी करीब 80 प्रतिशत रहने का अनुमान है। सालाना लगभग 3580 मिलियन यूनिट ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य बताया गया है। बिजली को ग्रिड तक पहुंचाने के लिए मंदसौर जिले के 765/400 केवी सबस्टेशन से करीब 60 किलोमीटर लंबी कनेक्टिविटी भी की जा रही है।
इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बने हैं। निर्माण कार्य के दौरान करीब 4 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। परियोजना शुरू होने के बाद संचालन और रखरखाव के लिए लगभग 200 लोगों की जरूरत रहने का अनुमान है। फतुनिया गांव के स्थानीय निवासी मुकेश मेवाड़ इस प्रोजेक्ट में गार्ड की नौकरी कर रहे हैं। उनका कहना है कि पहले रोजगार के लिए बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें अपने क्षेत्र में ही काम मिल रहा है।
परियोजना से तैयार होने वाली बिजली पीक आवर्स में NTPC, SECI और अलग-अलग राज्यों की बिजली वितरण कंपनियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बिजली की मांग अधिक होने के समय आपूर्ति में मदद मिलेगी। साथ ही बिजली वितरण कंपनियों पर महंगे समय में बिजली खरीदने का दबाव कम हो सकता है। इस तरह परियोजना ऊर्जा भंडारण के साथ बिजली व्यवस्था को अधिक संतुलित बनाने में भूमिका निभा सकती है।
सौर और पवन ऊर्जा का उत्पादन मौसम और समय पर निर्भर करता है। कई बार दिन में बिजली की उपलब्धता अधिक होती है, जबकि शाम के समय मांग बढ़ जाती है। गांधीसागर परियोजना इसी अंतर को कम करने की दिशा में तैयार की जा रही है। अतिरिक्त बिजली से पानी ऊपर पहुंचाकर ऊर्जा स्टोर की जाएगी और जरूरत के वक्त उससे बिजली बनाई जाएगी। इससे रिन्यूएबल एनर्जी का बेहतर उपयोग करने और मध्य प्रदेश की ऊर्जा क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।