Uorfi Javed Kanha National Park Visit: मध्य प्रदेश के मंडला जिले स्थित कान्हा नेशनल पार्क में टीवी अभिनेत्री और सोशल मीडिया सेंसेशन उर्फी जावेद का अलग अंदाज देखने को मिला। अपने बोल्ड फैशन और सोशल मीडिया पोस्ट्स को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाली उर्फी इस बार जंगल और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चर्चा में हैं।
कान्हा दौरे के दौरान उर्फी जावेद ने ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों से मुलाकात की। इस दौरान उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
उर्फी जावेद ने कान्हा नेशनल पार्क पहुंचकर जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों की मेहनत और उनकी जिम्मेदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों के समीप रहने वाले लोग प्रकृति और जंगलों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उर्फी ने विशेष रूप से जंगल में आग लगने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे समय में ग्रामीणों का सहयोग बेहद अहम साबित होता है और उनके प्रयासों से वन संपदा को बचाने में बड़ी मदद मिलती है।
उर्फी जावेद ने अपने कान्हा दौरे के दौरान लोगों को वन्यजीवों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए जंगलों और वन्य प्राणियों की रक्षा बेहद जरूरी है। उर्फी ने यह भी कहा कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण तैयार किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पेड़-पौधों और वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और पर्यावरण बचाने की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उर्फी जावेद ने अपने दौरे के दौरान पालतू जानवरों से जुड़ी स्वास्थ्य सावधानियों पर भी जोर दिया। उन्होंने लोगों को समझाया कि कुत्तों को नियमित रूप से टीके लगवाना बेहद आवश्यक है क्योंकि इससे कई गंभीर संक्रमण और बीमारियों से बचाव संभव हो पाता है। उर्फी का यह जागरूकता संदेश सोशल मीडिया पर लोगों को काफी प्रभावित कर रहा है।
यह भी पढ़ें: पन्ना में मौत का कुआं, अजयगढ़ के बीहरपुरवा में धंसी मिट्टी; 5 मजदूरों की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत
वहीं, कान्हा नेशनल पार्क से जुड़ा उनका वीडियो इंटरनेट पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में वह ग्रामीणों और वन अमले के साथ संवाद करती दिखाई दे रही हैं। उनके इस बदले हुए अंदाज और सामाजिक सरोकारों को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।