नर्मदा परिक्रमा 2026 : कार्तिक मास की पंचकोशी यात्रा से जुड़ी परंपराओं पर खास रिपोर्ट फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
खण्डवा

नर्मदा परिक्रमा 2026: मां नर्मदा की महिमा अपरंपार, दर्शन मात्र से मिलता है पुण्य, परंपराओं के बारे में जानिए

Narmada Parikrama : मां नर्मदा की महिमा और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 3 साल 3 महीने 3 दिन में पूरी होने वाली नर्मदा परिक्रमा का महत्व। कार्तिक मास की पंचकोशी यात्रा से जुड़ी परंपराओं पर खास रिपोर्ट।

नितिन झवर, शाजेब खान

Highlights :

  • मां नर्मदा की पूर्ण परिक्रमा में लगते हैं 3 साल, 3 महीने और 3 दिन।

  • धार्मिक मान्यता के अनुसार परिक्रमा कहीं से भी शुरू की जा सकती है।

  • भगवान वामन के चरण अभिषेक से जुड़ी है नर्मदा जल की कथा।

  • कार्तिक मास की पंचकोशी यात्रा का भी विशेष धार्मिक महत्व।

  • श्रद्धालु मां नर्मदा को कलियुग की गंगा और मोक्षदायिनी मानते हैं।

Religious Importance of Narmada River : मां नर्मदा तू है कलयुग की गंगा, दर्शन से तेरे मन हो जाए चंगा। सनातन धर्म में मां नर्मदा का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। प्राचीन काल से ही मां रेवा अर्थात नर्मदा नदी को जीवनदायिनी और मोक्षदायिनी माना जाता रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार नर्मदा भारत की एकमात्र ऐसी नदी है, जिसकी पूर्ण परिक्रमा की जाती है।

मान्यता है कि नर्मदा परिक्रमा लगभग 3 साल, 3 महीने और 3 दिन में पूरी होती है। वहीं कार्तिक मास में होने वाली पंचकोशी यात्रा का भी विशेष महत्व है। इसी धार्मिक आस्था, परंपरा और मां नर्मदा की महिमा को लेकर नवभारत लाइव की ये खास रिपोर्ट।

वामन भगवान से भी जुड़ी है मां नर्मदा की महिमा

पंडित आशीष शर्मा शिवाजी नगर जिला खंडवा निवासी के अनुसार धार्मिक कथाओं में मां नर्मदा का उल्लेख भगवान वामन के प्रसंग से भी जुड़ा है। मान्यता है कि जब भगवान वामन ने राजा बलि से तीन पग भूमि मांगी और विराट स्वरूप धारण किया तब उनके चरण ब्रह्मांड तक पहुंचे। उस समय ब्रह्माजी ने नर्मदा जल से भगवान के चरणों का अभिषेक किया था। ये प्रसंग मां नर्मदा की प्राचीनता और धार्मिक महत्ता को दर्शाता है।

कहीं से भी शुरू की जा सकती है नर्मदा परिक्रमा

पंडित शर्मा ने बताया कि मां नर्मदा की परिक्रमा कहीं से भी शुरू की जा सकती है। इसके लिए अमरकंटक से ही शुरुआत करना अनिवार्य नहीं है। परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु नदी के दोनों तटों पर स्थित विभिन्न तीर्थस्थलों के दर्शन करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस कठिन साधना से शारीरिक और मानसिक विकारों से मुक्ति पापों का प्रायश्चित और पुण्य की प्राप्ति होती है। इसे मोक्ष प्राप्ति का मार्ग भी माना जाता है।

चारों युगों से जुड़ी हैं मां नर्मदा की मान्यताएं

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां नर्मदा का अस्तित्व प्रलय काल में भी बना रहता है। सतयुग, त्रेतायुग, द्वापर और कलियुग में उनकी महिमा का वर्णन मिलता है। मान्यता है कि सृष्टि के प्रारंभ से ही मां नर्मदा का प्रादुर्भाव हुआ। इसी वजह से सनातन परंपरा में नर्मदा परिक्रमा को विशेष स्थान दिया गया है और इसे आस्था के साथ साथ कठिन तपस्या का प्रतीक माना जाता है।

पंचकोशी यात्रा का भी है विशेष महत्व

मां नर्मदा की पूर्ण परिक्रमा हर श्रद्धालु के लिए संभव नहीं हो पाती। ऐसे में कार्तिक मास में आयोजित होने वाली पंचकोशी यात्रा भी भक्तों के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखती है। मान्यता है कि इस यात्रा में शामिल होने से पुण्य लाभ मिलता है और मन को आध्यात्मिक शांति प्राप्त होती है।

आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं मां नर्मदा

मां नर्मदा के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था परिक्रमा की कठिन साधना और सदियों पुरानी धार्मिक परंपराएं उनकी महिमा को दर्शाती हैं। नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और जीवन से जुड़ी हैं। यही वजह है कि श्रद्धालु उन्हें कलियुग की गंगा और मोक्षदायिनी के रूप में पूजते हैं।

December Bank Holiday 2026: दिसंबर में कब-कब बंद रहेंगे बैंक; यहां देखें छुट्टियों की लिस्ट

दिल्ली दंगा साजिश केस: उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली अंतरिम जमानत

भारत-बांग्लादेश के रिश्तों की अग्निपरीक्षा बनेगी गंगा जल संधि, 30 साल पुरानी डील खत्म होने से पहले बढ़ी हलचल

Explainer: बोतल का पानी कितना खतरनाक है? इसे पीने से कैंसर कैसे हो सकता है

एक क्लिक में तुरंत पढ़ें 25 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें; देश-दुनिया, खेल-मनोरंजन और भी बहुत कुछ है खास