Nisarga Water Park Barela Jabalpur Accident: बरेला स्थित निसर्ग वाटर पार्क में पिकनिक मनाने गए एक युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान साजन विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो अपने दोस्तों के साथ घूमने और मौज-मस्ती करने वाटर पार्क पहुंचा था। हादसा उस समय हुआ जब साजन फिसलपट्टी से स्लाइड करते हुए पानी में उतर रहा था।
इसी दौरान स्लाइड में अचानक करंट फैल गया और वह उसकी चपेट में आ गया। करंट लगते ही साजन बेहोश होकर पानी में गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोस्तों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कुछ समय तक साजन पानी के अंदर ही रहा। शुरुआत में उसके दोस्तों को लगा कि वह मजाक में अंडर वाटर डाइविंग कर रहा है। लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आने पर दोस्तों को शक हुआ। जब कुछ देर बाद उसका शव पानी की सतह पर उतराता दिखाई दिया, तब सभी के होश उड़ गए। इसके बाद दोस्तों ने तत्काल उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पूरे वाटर पार्क परिसर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई कि पानी में करंट दौड़ रहा है। डर के कारण कई लोग पार्क से बाहर भागने लगे। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के बाद पार्क प्रबंधन भी घबराया हुआ नजर आया और लोगों को तत्काल पानी से बाहर निकलने के लिए कहा गया।
यह भी पढ़ें: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने की अपील का असर, प्रशिक्षण शिविर में बस से पहुंचे भाजपा नेता
घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर वाटर पार्क को बंद करवा दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया कि फिसलपट्टी में बिजली का करंट फैल गया था, जिसकी चपेट में आने से साजन की मौत हुई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आखिर लापरवाही किस स्तर पर हुई और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।