Chhath Puja Photoshoot Jabalpur: छठ पूजा को लेकर युवाओं में इन दिनों एक अलग ही ट्रेंड देखने को मिल रहा है। छठी मैया की आराधना के दौरान 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत और पूजा की व्यस्तता के बीच फोटोशूट करना संभव नहीं होगा, इसलिए कुछ युवा लड़कियां पहले से ही इसकी तैयारी में जुट गई हैं। जबलपुर के गौरी घाट पर युवतियां प्रोफेशनल कैमरामैन, ब्यूटिशियन और स्टाइलिस्ट के साथ पहुंचकर विशेष फोटोशूट करवा रही हैं। इस दौरान छठ पूजा की पूरी विधि और उससे जुड़ी परंपराओं के हर चरण को कैमरे में कैद किया जा रहा है। पूजा की तैयारियों से लेकर अर्घ्य देने तक की रस्मों को अलग-अलग फ्रेम में दिखाया जा रहा है। युवाओं का कहना है कि इस फोटोशूट का उद्देश्य केवल तस्वीरें खिंचवाना नहीं, बल्कि छठ महापर्व की धार्मिक परंपराओं और महत्व को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। इसके जरिए लोगों को पर्व के प्रति जागरूक करने और नई पीढ़ी को इसकी परंपराओं से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।