Indore Nana Patwari Case: बहुचर्चित नाना पटवारी मामले में इंदौर पुलिस लगातार नए इनपुट के आधार पर जांच का दायरा बढ़ा रही है। अब इस मामले में सोशल मीडिया इन्फुलेंसर रवि चौधरी से करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई। उन्हें राजेंद्र नगर थाने की ओर से नोटिस जारी कर बुलाया गया था, जबकि विस्तृत पूछताछ एसीपी कार्यालय में हुई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रवि चौधरी से नाना पटवारी के साथ उनके संपर्क, मुलाकातों और अन्य लोगों से संबंधों को लेकर कई सवाल पूछे गए। जांच एजेंसियां नाना पटवारी से जुड़े सभी लोगों की भूमिका और उनके नेटवर्क को समझने की कोशिश कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि अब तक मिले इनपुट के आधार पर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनकी पुष्टि की जा रही है।
जांच केवल नाना पटवारी तक सीमित नहीं है। पुलिस एमडी ड्रग्स और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े संभावित कनेक्शन की भी गहन पड़ताल कर रही है। हाल ही में ऑनलाइन सट्टा गिरोह से जुड़े आरोपी मानव गंगवानी की गिरफ्तारी और उससे मिली जानकारी के बाद जांच को नई दिशा मिली है। अधिकारियों का मानना है कि कई कड़ियां आपस में जुड़ी हो सकती हैं।
राजेन्द्र नगर थाना पुलिस डिजिटल डेटा, कॉल डिटेल, वित्तीय लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। जिन लोगों के नाम जांच में सामने आ रहे हैं, उन्हें नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी तरह तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
यह भी पढें:
इंदौर पुलिस का कहना है कि जांच अभी शुरुआती लेकिन महत्वपूर्ण चरण में है। लगातार सामने आ रहे तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में इस मामले में नए खुलासे और कुछ अन्य लोगों से पूछताछ या कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हैं।