इंदौर में NSG कमांडो की मॉक ड्रिल,  फोटो सोर्स - सोशल मीडिया
इंदौर

इंदौर में NSG कमांडो की मॉक ड्रिल, एयरपोर्ट से राजवाड़ा तक परखी सुरक्षा तैयारियां

Indore NSG Mock Drill : इंदौर में त्योहारों के दौरान संभावित आतंकी घटनाओं से निपटने की तैयारी। एयरपोर्ट, डेली कॉलेज और राजवाड़ा में देर रात तक चला अभ्यास।

अंशुल मुकाती, शाजेब खान

Highlights :

  • इंदौर में त्योहारों के दौरान सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए NSG कमांडो की मॉक ड्रिल ।

  • एयरपोर्ट, डेली कॉलेज और ऐतिहासिक राजवाड़ा क्षेत्र में देर रात तक चला सुरक्षा अभ्यास।

  • इंदौर एयरपोर्ट पर यात्रियों को बंधक बनाने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई।

  • एयरपोर्ट की मॉक ड्रिल में 11 एजेंसियों के 367 जवान शामिल हुए।

NSG mock Drill In Indore : इंदौर में त्योहारों के दौरान संभावित आतंकी घटनाओं और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए इंदौर में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) कमांडो ने तीन अलग-अलग स्थानों पर मॉक ड्रिल की। एयरपोर्ट, डेली कॉलेज और ऐतिहासिक राजवाड़ा क्षेत्र में देर रात तक चले इस अभ्यास के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी तैयारियों को परखा।

मॉक ड्रिल में आतंकियों से निपटने, बंधकों को सुरक्षित निकालने और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय के साथ ऑपरेशन चलाने का अभ्यास किया गया।

एयरपोर्ट पर यात्रियों को बंधक बनाने का अभ्यास

इंदौर एयरपोर्ट के पुराने परिसर में यात्रियों को बंधक बनाए जाने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। सूचना मिलने के बाद NSG कमांडो ने अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर अभियान शुरू किया। इस दौरान बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने और कथित आतंकियों को निष्क्रिय करने की रणनीति पर काम किया गया। एयरपोर्ट पर आयोजित इस अभ्यास में 11 एजेंसियों के 367 जवान शामिल हुए। इसका मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया और आपसी तालमेल को जांचना था।

डेली कॉलेज में 5 से 6 आतंकियों होने का काल्पनिक परिदृश्य

डेली कॉलेज परिसर में भी NSG कमांडो ने विशेष ऑपरेशन का अभ्यास किया। परिसर में 5 से 6 आतंकियों के मौजूद होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही कमांडो मौके पर पहुंचे और ऑपरेशन शुरू किया। मुख्य भवन तक पहुंचने से पहले स्मोक बम का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद भवन के भीतर प्रवेश कर आतंकियों को निष्क्रिय करने और बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।

5 से 6 घंटे तक चला ऑपरेशन

डेली कॉलेज में मॉक ड्रिल करीब 5 से 6 घंटे तक चली। इस दौरान भवन के भीतर संभावित खतरे, आतंकियों की मौजूदगी और बंधकों को सुरक्षित निकालने जैसी परिस्थितियों से निपटने की रणनीति को परखा गया। अभ्यास के जरिए सुरक्षा बलों की निर्णय लेने की क्षमता, त्वरित कार्रवाई और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ऑपरेशन को अंजाम देने की तैयारियों का आकलन किया गया।

राजवाड़ा में देर रात तक चला अभ्यास

इंदौर शहर के ऐतिहासिक राजवाड़ा क्षेत्र में भी NSG कमांडो ने देर रात मॉक ड्रिल की। एयरपोर्ट और डेली कॉलेज के साथ शहर के प्रमुख स्थानों को इस अभ्यास में शामिल करने का उद्देश्य अलग-अलग परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को जांचना था। त्योहारों के दौरान संभावित आतंकी घटनाओं और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिहाज से ये अभ्यास महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इंदौर में अलग-अलग स्थानों पर अभ्यास के बाद उज्जैन में भी NSG की मॉक ड्रिल किए जाने की जानकारी सामने आई है।

वोट चोरी के मुद्दे पर आज INDIA गठबंधन की बैठक, CEC के इस्तीफे और दिल्ली रैली पर बनेगी रणनीति

Amit Shah: बूथ कार्यकर्ता से देश के गृह मंत्री तक का सफर, अब नशे के खिलाफ आखिरी वार का डेडलाइन किया फिक्स

Weather Update: तमिलनाडु-केरल में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

अमित शाह का शेयर, नेटवर्थ और जमीन-जायदाद, जानिए कितने करोड़ के मालिक हैं देश के गृह मंत्री?

आर्टिकल 370 से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान तक, अमित शाह के 5 सबसे बड़े फैसले, जिसने बदली देश की तस्वीर