Indore Metro Extended Service Starts Today: इंदौरवासियों के लिए आज का दिन खास है। इंदौर मेट्रो की विस्तारित सेवा का आज शुभारंभ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल विजय नगर स्थित ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में विस्तारित मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे। हालांकि आम यात्रियों के लिए मेट्रो का संचालन 6 सितंबर 2026 से शुरू होगा।
विस्तारित सेवा के शुरू होने के बाद यात्री गांधीनगर से मालवीय नगर चौराहा तक मेट्रो से सफर कर सकेंगे। इससे शहर के प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक और यातायात वाले क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा। मेट्रो का पूरा विस्तारित मार्ग करीब 17 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें कुल 16 स्टेशन शामिल होंगे।
यात्रियों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक संचालित होगी। दोनों छोरों से पहली ट्रेन सुबह 9 बजे रवाना होगी, जबकि अंतिम ट्रेन शाम 7 बजे चलेगी। यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो ट्रेन उपलब्ध होगी। पूरे दिन में ट्रेनों के 80 से अधिक फेरे लगाए जाएंगे।
फिलहाल इंदौर मेट्रो गांधीनगर से सुपर कॉरिडोर-3 तक करीब 6 किलोमीटर के मार्ग पर संचालित हो रही है। अब इसका विस्तार मालवीय नगर चौराहा तक किया जा रहा है। करीब 17 किलोमीटर के इस कॉरिडोर से शहर में सार्वजनिक परिवहन का दायरा और बढ़ेगा।
इंदौर मेट्रो की ट्रेनें पूरी तरह वातानुकूलित हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर सीसीटीवी आधारित सुरक्षा व्यवस्था और डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली उपलब्ध है। इसके साथ ही एस्केलेटर, लिफ्ट और दिव्यांगजन के लिए अनुकूल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
मेट्रो में ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम के जरिए टिकटिंग की सुविधा उपलब्ध है। यात्री एमपीएमआरसीएल मोबाइल ऐप से डिजिटल टिकट ले सकेंगे। यूपीआई, क्यूआर कोड, ई-वॉलेट और मोबाइल ऐप के माध्यम से कैशलेस भुगतान की सुविधा भी मिलेगी।
यात्रियों को आकर्षित करने के लिए मेट्रो की प्रमोशनल डिस्काउंट पॉलिसी भी लागू है। रिटर्न जर्नी टिकट पर 5 प्रतिशत, जबकि ग्रुप टिकट पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
मोबाइल ऐप के जरिए ई-वॉलेट रिचार्ज करने पर यात्रियों को रिचार्ज राशि के अनुसार बोनस मिलेगा। 200 से 499 तक के रिचार्ज पर 8 प्रतिशत, 500 से 999 पर 10 प्रतिशत, 1000 से 1499 पर 12 प्रतिशत और 1500 से 2000 तक के रिचार्ज पर 15 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। मालवीय नगर चौराहा तक मेट्रो के विस्तार से इंदौर में तेज, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। विस्तारित कॉरिडोर के शुरू होने से शहर के कई प्रमुख इलाकों के बीच सफर पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगा।