इंदौर में लोकायुक्त की जाँच में कई खुलासे  फोटो सोर्स - नवभारत
इंदौर

लोकायुक्त की जांच में फिरोज की संपत्तियों को लेकर नए खुलासे, देवास में खरीदे दो प्लॉट, जमीन के सौदे में भी नाम

Indore Lokayukta News : इंदौर में लोकायुक्त की जाँच में कई खुलासे हो रहे है, फिरोज खान की पत्नी, मां और बेटी के नाम से लगाई गई थी ऑनलाइन बोली, देवास में दोनों प्लॉट की रजिस्ट्री।

अंशुल मुकाती, शाजेब खान

Highlights :

  • इंदौर में प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में लोकायुक्त की जांच तेज।

  • देवास में नीलामी के जरिए करीब 92 लाख रुपये में दो प्लॉट खरीदने की जानकारी सामने आई।

  • जांच के मुताबिक पत्नी हिना खान, मां वहीदा खान और बेटी जैफी खान ने ऑनलाइन बोली लगाई थी।

Indore Lokayukta Raid Firoz Khan : इंदौर में प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त की जांच में नए तथ्य सामने आए हैं। 14 अक्टूबर 2026 को उनके विभिन्न आवासों और ठिकानों पर सर्च कार्रवाई के बाद जांच एजेंसी संपत्तियों की खरीद, वित्तीय लेनदेन और जमीन के सौदों की पड़ताल कर रही है।

अब तक की जांच में देवास में नीलामी के जरिए दो प्लॉट खरीदे जाने और उज्जैन रोड पर करीब 9 करोड़ रुपये के जमीन सौदे में फिरोज खान का नाम सामने आने की जानकारी मिली है।

देवास में नीलामी से खरीदे गए दो प्लॉट

लोकायुक्त के मुताबिक चोला मंडलम इंदौर की ओर से अगस्त 2025 में देवास स्थित दो संपत्तियों की नीलामी की गई थी। इनमें उज्जैन रोड पर सर्वे क्रमांक 58 में स्थित प्लॉट नंबर 38डी शामिल है, जिसका क्षेत्रफल करीब 2400 वर्गफीट बताया गया है। दूसरी संपत्ति कॉन्वेंट स्कूल मार्ग पर स्थित 750 वर्गफीट का प्लॉट नंबर 39 है। इन दोनों संपत्तियों की खरीद अब जांच के दायरे में है।

पत्नी, मां और बेटी ने लगाई ऑनलाइन बोली

जांच एजेंसी के अनुसार दोनों प्लॉट की नीलामी में फिरोज खान की पत्नी हिना खान, मां वहीदा खान और बेटी जैफी खान ने ऑनलाइन बोली लगाई थी। दोनों संपत्तियों की बोली करीब 92 लाख रुपये में अंतिम हुई। इसके बाद फिरोज खान की ओर से रकम जमा कराकर संपत्तियों की रजिस्ट्री कराए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें से एक प्लॉट पर मकान भी बना हुआ है।

संपत्तियों पर एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान

लोकायुक्त ने दोनों संपत्तियों की खरीद और उनसे जुड़े खर्च का कुल अनुमान करीब एक करोड़ रुपये लगाया है। हालांकि, संपत्तियों की खरीद और रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेजों की पुष्टि अभी की जा रही है। इसके लिए देवास के रजिस्ट्रार कार्यालय से जानकारी मांगी गई है। दस्तावेजों की जांच के बाद संपत्तियों से जुड़े वित्तीय लेनदेन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

उज्जैन रोड पर 45 बीघा जमीन के सौदे की जांच

फिरोज खान से जुड़ी जांच में उज्जैन रोड पर करीब 45 बीघा जमीन का सौदा भी सामने आया है। लोकायुक्त के अनुसार श्रीमती कस्तूरीबाई और रविकांत पंवार, निवासी इंदौर, ने ये जमीन श्याम इन्फा के पार्टनर सुमित जिंदल को करीब 9 करोड़ रुपये में बेची थी। इस सौदे में फिरोज खान की भूमिका साक्षी के तौर पर बताई गई है।

जमीन के नामांतरण पर रोक, भूमिका की पड़ताल जारी

उक्त जमीन के नामांतरण पर राजस्व न्यायालय की ओर से रोक लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। लोकायुक्त अब इस बात की जांच कर रही है कि सौदे में फिरोज खान की क्या भूमिका थी और उनकी मौजूदगी किन परिस्थितियों में रही। फिलहाल, देवास जिले के प्लॉट और जमीन के सौदे से जुड़े दस्तावेजों व वित्तीय लेनदेन की पड़ताल जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही उनकी कुल संपत्ति और आय से अधिक संपत्ति के मामले में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ज्ञानेश कुमार की कुर्सी पर खतरा? ओम बिरला के बयान से CEC को हटाने की मांग ने पकड़ा जोर

IMD Weather Alert: तमिलनाडु-केरल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

नेहा बोरा पर दिल्ली हाईकोर्ट का फैसला आज, 10 हजार के बॉन्ड वाले नोटिस को दी चुनौती, सौरव-रांका ने दिखाया ठेंगा

अंगूर खट्टे हैं तो बेल काटने लगे, दिल्ली प्रोटेस्ट पर पहली बार बोले PM मोदी; राहुल गांधी को बताया फेल प्रोडक्ट

दिल्ली नगर निगम में क्यों भिड़े AAP-कांग्रेस पार्षद? विकास फंड से शुरू हुआ विवाद, हाथापाई तक पहुंची बात- VIDEO