DRI Arrests Nigerian Woman In Indore Drug Case: इंदौर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से करीब 1.19 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं।
डीआरआई को मिली खुफिया सूचना के आधार पर यह कार्रवाई शहर के तीन इमली चौराहे के पास की गई। एजेंसी अब इस मामले से जुड़े पूरे ड्रग नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है।
इंदौर शहर डीआरआई अधिकारियों को सूचना मिली थी कि एक महिला यात्री बस के जरिए इंदौर से पुणे जाने वाली है और उसके सामान में बड़ी मात्रा में नशीले एवं साइकोट्रॉपिक पदार्थ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने विजय उद्योग नगर स्थित तीन इमली चौराहे के पास निगरानी शुरू कर दी। पर्पल बस ट्रैवल एजेंसी के नजदीक संदिग्ध महिला को रोककर पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच के बाद उसके सामान की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में ड्रग्स मिलने से अधिकारियों के भी होश उड़ गए।
तलाशी के दौरान महिला के नेवी ब्लू रंग के डफेल बैग से कई पॉलीथिन पैकेट और अलग-अलग रंग की टैबलेट बरामद हुईं। डीआरआई टीम ने मौके पर फील्ड ड्रग डिटेक्शन किट के जरिए पदार्थों की जांच की। जांच में बरामद सामग्री एम्फेटामिन, एक्स्टेसी टैबलेट और कैनाबिस श्रेणी की पाई गई। अधिकारियों के अनुसार नशीले पदार्थों को बेहद सावधानी से पैक कर छिपाया गया था, ताकि सामान्य जांच में उनका पता न चल सके।
डीआरआई के मुताबिक महिला के कब्जे से कुल 1,426 ग्राम नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इनमें 1,120 ग्राम एम्फेटामिन पाउडर, 296 ग्राम एम्फेटामिन एक्स्टेसी टैबलेट और 10 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) शामिल है। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय और ग्रे मार्केट में अनुमानित कीमत करीब 1.19 करोड़ रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ मिलने के बाद एजेंसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
डीआरआई ने आरोपी महिला को एनडीपीएस एक्ट 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि महिला ड्रग्स कहां से लेकर आई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। जांच एजेंसियां संभावित ड्रग सिंडिकेट, स्थानीय संपर्कों और अंतरराज्यीय नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं। डीआरआई का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।