Highlights :
दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को पुलिस ने सशर्त अनुमति दी।
कार्यक्रम में चार गानों की प्रस्तुति पर रोक लगाई गई है।
C-21 एस्टेट ग्राउंड पर रात 8 बजे से होगा लाइव शो।
करीब 40 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना।
Diljit Dosanjh Indore Concert : मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट को पुलिस ने सशर्त अनुमति दी है। कार्यक्रम के दौरान गायक चार गाने प्रस्तुत नहीं कर सकेंगे। पुलिस की ओर से लगाई गई इन शर्तों के बीच कॉन्सर्ट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन शहर के बायपास स्थित C21 एस्टेट ग्राउंड पर होगा। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस और बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड की टीमें तैनात की गई हैं।
कॉन्सर्ट को लेकर पुलिस ने आयोजकों को कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी है। इनमें कार्यक्रम के दौरान चार गानों को प्रस्तुत नहीं करने की शर्त भी शामिल है। हालांकि प्रतिबंधित किए गए चारों गानों के नाम और पुलिस की अनुमति में दर्ज अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। दिलजीत दोसांझ शनिवार को ही इंदौर पहुंच गए थे और रविवार शाम कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे।
कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थल पर पुलिस बल के साथ BDDS की टीम भी तैनात रहेगी। गौरतलब है कि इंदौर में कुछ संस्थानों को RDX से धमाके की धमकियां मिलने की खबरें सामने आई थीं। ऐसे में शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। हालांकि इन धमकियों और कॉन्सर्ट के बीच किसी सीधे संबंध की जानकारी सामने नहीं आई है।
C 21 एस्टेट ग्राउंड पर करीब 4 लाख वर्गफीट क्षेत्र में कॉन्सर्ट की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम रात 8 बजे शुरू होगा और इसमें लगभग 40 हजार दर्शकों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। टिकट की शुरुआती कीमत 1,500 रुपये बताई गई है जबकि 10 लोगों के लिए VIP टेबल की कीमत 8 लाख रुपये रखी गई है। BookMyShow पर टिकट बिक्री से 7 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई होने का दावा किया गया है। नगर निगम को 60 लाख रुपये से अधिक टैक्स मिलने की बात भी सामने आई है।
कॉन्सर्ट के चलते रविवार शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक कुछ मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पटेल नगर क्रॉसिंग से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। दर्शकों के लिए C 21 बिजनेस पार्क में तीन जोन में नि:शुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है। टिकट की श्रेणी के अनुसार प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं जबकि VVIP गेट से वाहन ले जाने के लिए विशेष कार पास और स्टिकर जरूरी होगा।
कनाड़िया की ओर से आने वाले दर्शकों को पटेल नगर कट से खजराना रोड, पकीजा कॉलोनी और RE-2 रोड होते हुए पार्किंग तक पहुंचना होगा। रेडिसन की ओर से आने वाले लोग साई कृपा कट से स्टार चौराहा, लभंगा RE-2 रोड होते हुए पार्किंग तक जा सकेंगे। वहीं देवास की तरफ से आने वाले दर्शकों के लिए DPS अंडरब्रिज, TCL, वेलवेट गार्डन तिराहा और लभंगा RE 2 रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है।
दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से पहले कई धमकियां भी मिलीं। जिसके चलते प्रशासन ने कड़े इंतजाम कर लिए हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आयोजन स्थल, आसपास के नाकों और प्रमुख चौराहों पर 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था बनाई गई है। वहीं बम डिस्पोजल स्क्वॉड और क्राइम ब्रांच की टीमें दिन में 3 से 4 बार पूरे मैदान की जांच कर रही हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।