Indore Crime Branch Action: इंदौर क्राइम ब्रांच ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश राहुल सिंह राठौर उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एसटीएफ द्वारा 15 हजार रुपये और क्राइम ब्रांच इंदौर द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। राहुल सिंह राठौर देवास जिले के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत ग्राम बिजाना का रहने वाला है।
पुलिस के मुताबिक इंदौर शहर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारियों और व्यवसायियों को धमकी देने के मामले लगातार सामने आ रहे थे। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की एसआईटी टीम लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी राजपाल चंदावत से पूछताछ में राहुल सिंह राठौर का नाम सामने आया।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि राहुल सिंह राठौर गैंग के मुख्य आरोपी राजपाल चंदावत का करीबी सहयोगी था। आरोपी व्यापारियों के घर, कार्यालय और अन्य स्थानों की रेकी कराने के साथ-साथ गैंग से जुड़े लोगों के बीच पैसों के लेन-देन और समन्वय का काम करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी गैंग के सदस्यों को तकनीकी सहायता भी उपलब्ध कराता था।
क्राइम ब्रांच की जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल उर्फ बाबा मुख्य आरोपी को हथियार उपलब्ध कराने के साथ फायरिंग और रेकी के लिए लड़के भी उपलब्ध कराता था। पुलिस को आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला है, जिसकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें :
इंदौर दूषित पानी मामला: PCC चीफ जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा, कहा- 240 में से 98% वाटर सैंपल हुए फेल
आरोपियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाना इंदौर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और जांच के दौरान कई अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।