Ahilya Nagar Residents Report Contaminated Water:इंदौर के अहिल्या नगर में बोरवेल के पानी में दूषित पानी मिलने के आरोप लगे है, स्थानीय रहवासियों का कहना है की इस दूषित पानी की वजह से इलाके में कुछ लोग बीमार भी हुए है, लोगो के आरोप के बाद अब नगर निगम की टीम इलाके में सर्वे कर रही है वही बोरवेल को फिलहाल बंद कर दिया गया है और पानी के सेम्पल लिए जा रहे है।
स्थानीय रहवासियों के मुताबिक, बोरवेल के आसपास से गुजर रही सीवरेज लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा पानी पेयजल स्रोत में मिल गया। पिछले कई दिनों से घरों में बदबूदार और गंदे पानी की सप्लाई हो रही थी, लेकिन समय पर समस्या का समाधान नहीं किया गया। दूषित पानी के सेवन के बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और अन्य स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें होने लगीं।
समस्या बढ़ने पर क्षेत्रवासियों ने नगर निगम अधिकारियों को सूचना दी। शिकायत मिलते ही निगम की टीम मौके पर पहुंची और बोरवेल व पाइपलाइन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं और प्रभावित क्षेत्र में वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि समय रहते सीवरेज लाइन और पेयजल व्यवस्था की निगरानी की जाती तो लोगों की सेहत के साथ इस तरह का खिलवाड़ नहीं होता। रहवासियों ने जल्द से जल्द समस्या के स्थायी समाधान और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढें:
इससे पहले भी इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी का मामला सामने आ चूका है, इसके बाद अहिल्या नगर में सामने आए इस मामले ने एक बार फिर इंदौर की पेयजल व्यवस्था और नगर निगम की निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे दूषित पानी के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।