Two Youth Saved Minor Girl Life Gwalior: ग्वालियर में एक किशोरी द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की हालांकि मौके पर मौजूद दो युवकों की सूझबूझ और सतर्कता से उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि किशोरी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी लेकिन नाबालिग होने के कारण उसके माता-पिता फिलहाल शादी के लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।
ग्वालियर के झांसी रोड थाना क्षेत्र में एजी ऑफिस पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक किशोरी ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश करती दिखाई दी। जानकारी के अनुसार किशोरी 10वीं कक्षा की छात्रा है और वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती है। लेकिन अभी बालिग नहीं होने के कारण उसके माता-पिता शादी के लिए तैयार नहीं थे।
बताया जा रहा है माता-पिता से नाराज होकर किशोरी मंगलवार रात रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। जिस ट्रैक पर वह खड़ी थी उसी पर एक सुपरफास्ट ट्रेन आने वाली थी। इसी दौरान ट्रैक से कुछ दूरी पर खड़े दो युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। उनकी नजर किशोरी की गतिविधियों पर पड़ी तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। दोनों युवक तत्काल दौड़कर किशोरी के पास पहुंचे और उसे ट्रेन के सामने कूदने से रोक लिया।
इस दौरान वहां चीख-पुकार मच गई जिसे सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। युवकों ने किशोरी को समझाने का प्रयास किया और आत्मघाती कदम उठाने की वजह पूछी। बातचीत में किशोरी ने प्रेम प्रसंग और शादी को लेकर घर में चल रहे विवाद की जानकारी दी। युवकों ने किशोरी से उसके प्रेमी का मोबाइल नंबर लिया और उसकी फोन पर बात भी कराई लेकिन प्रेमी ने मौके पर आने से इंकार कर दिया। इसके बाद युवकों ने तुरंत पुलिस और किशोरी के परिजनों को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: भोपाल में 'फिजिक्स वाला' पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, लगा लाखों का जुर्माना; जानें क्या है पूरा मामला
सूचना मिलते ही झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को अपने संरक्षण में लिया। पुलिस ने किशोरी और उसके परिजनों की काउंसलिंग कर समझाइश दी। काफी देर तक चली बातचीत के बाद माहौल सामान्य हुआ और पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।