Datia Byelection Congress Show Of Strength: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के बाद अब कांग्रेस भी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरती नजर आ रही है। कार्यकर्ताओं में जोश भरने और चुनावी रणनीति को धार देने के लिए कांग्रेस ने दतिया में बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया है जिसमें प्रदेश के कई दिग्गज नेता एक मंच पर दिखाई देंगे।
दतिया विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के बाद कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में दतिया के मोटल होटल में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह, सांसद अशोक सिंह, जिला संगठन प्रभारी राम-लखन दंडौतिया और विधानसभा प्रभारी दशरथ गुर्जर सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
कांग्रेस इस सम्मेलन के जरिए उपचुनाव से पहले अपने संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम करेगी। पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने कार्यकर्ताओं को चुनावी जिम्मेदारियां सौंपने और मतदाताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंच बनाने पर रहेगा। वरिष्ठ नेताओं के संबोधन के जरिए कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करने और चुनावी अभियान को गति देने की तैयारी की गई है।
बताया जा रहा है कि सम्मेलन में आगामी चुनाव की रणनीति, प्रचार अभियान की रूपरेखा, जनसंपर्क कार्यक्रमों और स्थानीय मुद्दों को लेकर भी विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने का संदेश दिया जाएगा। कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि यदि संगठन बूथ स्तर पर मजबूती से काम करेगा तो दतिया उपचुनाव में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 'कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पद ऐसे व्यक्ति के पास...', जीतू पटवारी की वजह से राकेश सिंह यादव ने दिया इस्तीफा!
दतिया उपचुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी और भाजपा दोनों ही दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं। ऐसे में यह कार्यकर्ता सम्मेलन कांग्रेस के लिए शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देने का महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि सम्मेलन से कार्यकर्ताओं को क्या संदेश मिलता है और आने वाले दिनों में कांग्रेस अपनी चुनावी रणनीति को किस तरह मैदान में उतारती है।
https://youtu.be/7FOTY31tH3A?si=p7ywZio3f9LukW4E