Highlights :
पथरिया में दो अलग अलग घटनाओं में युवक और चौकीदार की मौत।
जमुनिया रेलवे फाटक के पास ट्रेन से गिरकर झारखंड निवासी विरंची गोप की मौत।
कृषि उपज मंडी में चौकीदार नन्हेंलाल सेन का शव फंदे पर मिला।
परिजनों ने चौकीदार की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई।
Two Incidents Reported in Damoh Patharia : दमोह जिले के पथरिया में दो अलग अलग घटनाओं में एक युवक और एक चौकीदार की मौत हो गई। पहली घटना में जमुनिया रेलवे फाटक के पास चलती ट्रेन से गिरकर झारखंड निवासी युवक की जान चली गई। वहीं दूसरी घटना में कृषि उपज मंडी परिसर में 54 वर्षीय चौकीदार का शव कार्यालय की छत पर खिड़की से लटका मिला। चौकीदार के परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस दोनों मामलों में जांच कर रही है।
पहली घटना में बुधवार दोपहर करीब 1:40 बजे पथरिया रेलवे स्टेशन क्षेत्र के जमुनिया रेलवे फाटक के पास अप रेलवे ट्रैक पर पोल नंबर 1094, 21/19 के समीप एक युवक गंभीर हालत में मिला। रेलवे जेई ने इसकी सूचना लाइनमैन सुनील वर्मा को दी जिसके बाद डायल 112 को बुलाया गया। मौके पर पहुंचे पायलट हरिओम अहिरवार और आरक्षक राहुल यादव ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल ले जाते समय युवक की सांसें चल रही थीं।
युवक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान विरंची गोप पिता भागीरथी गोप के रूप में हुई। वे झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र का निवासी था। फिलहाल ये स्पष्ट नहीं है कि वह किन परिस्थितियों में चलती ट्रेन से गिरा। रेलवे और पुलिस की ओर से मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दूसरी घटना गुरुवार सुबह पथरिया कृषि उपज मंडी परिसर में सामने आई। यहां मंडी में चौकीदार के रूप में काम करने वाले नन्हेंलाल सेन (54) का शव कार्यालय की छत पर खिड़की से फंदे पर लटका मिला। मृतक पथरिया के वार्ड नंबर 8 का निवासी था और मंडी परिसर में ही रहता था। सुबह करीब 6:30 बजे घटना की जानकारी मिलने पर मंडी सचिव और पुलिस मौके पर पहुंचे। सूचना फैलने के बाद मंडी परिसर में कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक के भतीजे ने घटना पर संदेह जताते हुए कहा कि खिड़की से फंदा लगाकर आत्महत्या करना संभव नहीं लग रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि नन्हेंलाल की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया हो सकता है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। भतीजे के मुताबिक, नन्हेंलाल पिछले 6 महीने से मानसिक तनाव में थे हालांकि तनाव की वजह परिवार को पता नहीं थी।
दमोह जिले के पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।