MP Political News: मध्य प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने UCC का समर्थन करते हुए इसे देश के सुनहरे भविष्य के लिए जरूरी बताया, वहीं कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने बीजेपी सरकार और उसकी नीतियों पर जमकर हमला बोला।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होने से समाज के हर वर्ग को समान अधिकार मिलेंगे। उन्होंने दावा किया कि UCC से 'हलाला' जैसी कुप्रथाओं पर रोक लगेगी और बेटियों को माता-पिता की संपत्ति में बराबरी का अधिकार मिलेगा।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण कांग्रेस उन मुद्दों का विरोध करती है, जो समाज में समानता और न्याय की दिशा में कदम बढ़ाते हैं। सारंग ने कहा कि UCC देशहित से जुड़ा विषय है और आने वाले समय में यह देश के विकास और सामाजिक समानता के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
विश्वास सारंग ने रोजगार के मुद्दे पर भी विपक्ष को जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को सरकारी नौकरियों के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
इधर कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सरकार का प्रभाव है, इसलिए अब उन्हें केवल जनता से ही उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जनता ही आने वाले समय में सरकार को जवाब देगी। उन्होंने देश में बढ़ते तनाव और हिंसा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चारों तरफ लाठियां चल रही हैं और इसका असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने दतिया की घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि छात्र, महिलाएं और बुजुर्ग तक प्रभावित हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें : मध्य प्रदेश विधानसभा से UCC बिल पास होने के बाद इंदौर पहुंचे CM मोहन यादव, विभिन्न समाजों ने किया भव्य स्वागत
मुकेश नायक ने एक घटना का हवाला देते हुए कहा कि एक युवक द्वारा लाठी मारकर वोट लेने की बात करना और मंत्री का उस पर प्रतिक्रिया देना समाज के लिए गलत संदेश है। उन्होंने मंत्रियों की कार्यशैली और योग्यता पर सवाल उठाते हुए रहीम के दोहे का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि व्यवस्था इतनी बिगड़ चुकी है कि अब इसका फैसला जनता ही करेगी। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि आने वाले समय में जनता सरकार को सबक सिखाएगी।