शहडोल में तीन किशोरों की पानी में डूबने से मौत (सोर्स- सोशल मीडिया)
भोपाल

शहडोल में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से 3 किशोरों की मौत, पुलिस वाहन देखकर कूदने की आशंका

Shahdol Tragedy: शहडोल में हुआ दर्दनाक हादसा, पुलिस वाहन देख तालाब में कूदे 4 नाबालिग, 3 की डूबने से मौत, 1 बचा। अस्पताल की अव्यवस्था पर भड़का गुस्सा।

सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • शहडोल में तालाब में डूबने से तीन नाबालिगों की मौत।

  • चार किशोर तालाब किनारे मौजूद थे, एक साथी तैरकर बाहर निकला।

  • पुलिस पेट्रोलिंग वाहन देखकर किशोरों के तालाब में कूदने की आशंका।

  • समीर, गौरव और दुर्गेश की डूबने से गई जान।

Shahdol Tragedy Three Teenagers Death Case: मध्य प्रदेश के शहडोल जिला मुख्यालय में एक दर्दनाक हादसे में तीन नाबालिगों की तालाब में डूबने से मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि चारों किशोर तालाब किनारे मौजूद थे। इसी दौरान वहां पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन पहुंचा, जिसे देखकर उनके घबराने और पानी में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक बच्चों के तालाब में कूदने की असली वजह की पुष्टि नहीं की है। हादसे के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया।

पुलिस पेट्रोलिंग वाहन पहुंचते ही तालाब में कूदे चारों किशोर

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास स्थित तालाब की है। जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 22 के बनाकर मोहल्ले में रहने वाले समीर वंशकार, गौरव वंशकार और दुर्गेश वंशकार अपने साथी पंकज वंशकार के साथ तालाब किनारे मौजूद थे। इसी दौरान वहां पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन पहुंचा। आरोप है कि वाहन देखकर चारों किशोर घबरा गए और उन्होंने तालाब में छलांग लगा दी।

पानी गहरा होने के कारण समीर, गौरव और दुर्गेश डूब गए, जबकि पंकज तैरकर बाहर निकल आया। सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने मशक्कत के बाद तीनों के शव बाहर निकाले।

तालाब किनारे क्या कर रहे थे किशोर? अलग-अलग दावे

घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का दावा है कि किशोर प्रतिबंधित क्षेत्र में कुछ खा-पी रहे थे। वहीं, कुछ लोगों ने वहां जुआ खेले जाने की आशंका जताई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस वाहन देखकर भाग रहे किशोरों का पीछा किया गया, जिसके बाद वे तालाब में कूद गए। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जिला अस्पताल में एंबुलेंस और स्ट्रेचर नहीं मिलने का आरोप

तीनों किशोरों की मौत के बाद जिला अस्पताल में भी हंगामा हुआ। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शवों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल एंबुलेंस नहीं मिली। स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने के कारण शवों को चादर के सहारे ले जाना पड़ा। डॉक्टरों की अनुपस्थिति के आरोपों ने भी लोगों की नाराजगी बढ़ा दी।

एसपी बोले- जांच के बाद स्पष्ट होगी घटना की वजह

शहडोल पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि तालाब में डूबने से तीन नाबालिगों की मौत हुई है। बच्चों ने किन परिस्थितियों में पानी में छलांग लगाई, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि जुआ खेलने या पुलिस पेट्रोलिंग वाहन देखकर कूदने की बात पर अभी कुछ भी पुख्ता नहीं कहा जा सकता। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे से तीन परिवारों में मातम पसरा है। वहीं, पुलिस की पेट्रोलिंग और जिला अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं।

सोनिया गांधी की किताब Belonging को लेकर CJP उत्साहित, सौरभ दास ने बीजेपी पर साधा निशाना

प्रणब और चिदंबरम के बीच थे गंभीर मतभेद..., सोनिया गांधी की किताब में कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर बड़ा खुलासा

क्या प्रणब मुखर्जी बनना चाहते थे प्रधानमंत्री? सोनिया गांधी की किताब में बड़ा खुलासा

दिल्ली में छठ पूजा को लेकर बड़ा ऐलान, इस दिन बंद रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर और पीएसयू; जानें पूरी डिटेल

दिल्ली प्रदूषण पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का विवादित बयान, बोले- दिवाली हो या प्रदूषण, दोनों मानव जनित रोग