Highlights:
सिवनी पुलिस की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती ने लगाए गंभीर आरोप।
युवती ने महिला TI और ASP दीपक मिश्रा पर लगाए आरोप।
जीतू पटवारी ने सरकार से कार्रवाई की मांग की।
Jitu Patwari Reaction on Seoni Police Controversy : मध्य प्रदेश की पुलिस कार्यप्रणाली एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। सिवनी के होटल में ASP दीपक मिश्रा द्वारा युवक-युवती को धमकाने और गांजा रखकर फंसाने की धमकी देने के वायरल वीडियो के बाद ASP पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
सोशल मीडिया पर एक युवती का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उसने एक महिला थाना प्रभारी और निलंबित ASP दीपक मिश्रा पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। इस मामले के तूल पकड़ते ही प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राज्य सरकार और गृह विभाग पर तीखा हमला बोला है।
वायरल वीडियो में युवती ने रोते हुए सिवनी पुलिस अधिकारियों पर मानसिक और शारीरिक शोषण के प्रयास का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि जब वह अपनी शिकायत और न्याय की गुहार लेकर थाने पहुंची तो मदद करने की जगह महिला टीआई ने उस पर दबाव बनाया। युवती का आरोप है कि महिला टीआई उससे कहती थी कि ASP के बंगले में जाओ।
युवती ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर तीखा हमला बोलते हुए आगे कहा कि पुलिस में कोई मेरे जिस्म का भूखा था, तो कोई पैसों का। गौरतलब है कि यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब सिवनी में गांजा रखकर फंसाने के चर्चित प्रकरण को लेकर एएसपी दीपक मिश्रा पहले से ही निलंबित चल रहे हैं।
युवती का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था और भाजपा सरकार को घेरा है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि भाजपा सरकार के राज में मध्य प्रदेश में बेटियां असुरक्षित हैं। निलंबित ASP दीपक मिश्रा के पूरे कार्यकाल की जांच और पीड़िता के आंसुओं का हिसाब हो।
सिवनी के होटल में युवक-युवती को धमकाने का वीडियो वायरल होने के बाद सिवनी पुलिस सवालों के घेरे हैं। मामले में पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने ASP समेत 7 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है। इस बीच सोशल मीडिया पर सामने आए युवती के इस वीडियो ने मामले को और तूल दे दिया है।