कमलनाथ की गैरमौजूदगी में नकुल नाथ का मेगा शो  (सोर्स- सोशल मीडिया)
भोपाल

कमलनाथ की गैरमौजूदगी में नकुल नाथ का मेगा शो, जुटेंगे दिग्गज, आयोजन से पहले होर्डिंग्स हटने पर गरमाई सियासत

Nakul Nath Mega Show: मध्य प्रदेश कांग्रेस में पीढ़ी परिवर्तन की आहट, कमलनाथ की गैरमौजूदगी में 14 नवंबर को भोपाल में नकुल नाथ संभालेंगे बड़े सियासी जुटान की कमान।

सुधीर दंडोतिया, सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • मध्य प्रदेश कांग्रेस में दिग्गज नेताओं की अगली पीढ़ी की सक्रियता बढ़ी।

  • दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में बेटे जयवर्धन सिंह साथ चल रहे हैं।

  • कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ भी प्रदेश की राजनीति में सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में।

  • 14 नवंबर को भोपाल में नकुलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेसियों का बड़ा जुटान।

Nakul Nath Mega Event In Kamal Nath Absence: मध्य प्रदेश कांग्रेस में अब दिग्गज नेताओं की अगली पीढ़ी (नेक्स्ट जेनरेशन) की सक्रियता साफ तौर पर बढ़ती नजर आ रही है। एक ओर जहां पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उज्जैन से अयोध्या तक 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' निकाल रहे हैं और उनके पुत्र व पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह कदम से कदम मिलाकर साथ चल रहे हैं।

वहीं दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ भी प्रदेश की राजनीति में अपनी जमीन मजबूत करने की तैयारी में जुट गए हैं। इसी कड़ी में 14 नवंबर को राजधानी भोपाल में नकुल नाथ के नेतृत्व में होने वाला कांग्रेसियों का बड़ा जुटान सियासी गलियारों में बेहद अहम माना जा रहा है।

बंगले पर दिखेगी नकुल की नेतृत्व क्षमता

बाल दिवस और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर 14 नवंबर को भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित कमलनाथ के बंगले पर भव्य दीपावली मिलन समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेशभर के कांग्रेस विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया है। इस आयोजन में कमलनाथ के जन्मदिन (18 नवंबर) का उत्सव भी मनाया जाएगा।

कमलनाथ की गैरमौजूदगी में संभालेंगे कमान

इस आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि पहली बार कमलनाथ की गैरमौजूदगी में उनके आवास पर इतने बड़े स्तर पर जुटान हो रहा है और इसकी पूरी कमान नकुल नाथ संभालेंगे। इस बीच, आयोजन से ठीक पहले छिंदवाड़ा जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना ने भी भाजपा का दामन छोड़कर नकुल नाथ के समक्ष कांग्रेस में 'घर वापसी' कर सियासी संदेश दिया है।

कमलनाथ का संदेश- 'जल्द कांग्रेस परिवार से मिलूंगा'

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने एक विशेष संदेश जारी कर इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा, "मुझे बेहद खुशी है कि सभी साथी नकुल के साथ मिलकर 14 नवंबर को भोपाल में मिलन समारोह आयोजित कर रहे हैं। नेहरू जी की जयंती के चार दिन बाद मेरा जन्मदिन भी है, इसलिए इसे मेरे जन्मदिन के उपलक्ष्य में भी मनाया जा रहा है।"

कमलनाथ ने स्पष्ट किया कि वे व्यक्तिगत कार्यों की अपेक्षा सामाजिक और सार्वजनिक कार्यों को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन पूर्व-निर्धारित व्यस्तताओं के कारण वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही मध्य प्रदेश के कांग्रेस परिवार से मिलने का कार्यक्रम बनाएंगे और जीवनभर प्रदेश की जनता की सेवा का संकल्प निभाते रहेंगे।

आयोजन से पहले पोस्टर हटने पर विवाद, वीडियो वायरल

एक तरफ जहां नकुल नाथ के नेतृत्व में शक्ति प्रदर्शन की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम से ठीक पहले भोपाल में उनके आगमन को लेकर लगाए गए पोस्टर और होर्डिंग्स उतार दिए गए हैं। होर्डिंग्स हटाए जाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है और सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस जुटान से भाजपा खेमे में हलचल है।

क्या हैं इसके सियासी मायने?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कमलनाथ की अनुपस्थिति में नकुल नाथ द्वारा प्रदेशभर के कांग्रेस नेताओं और समर्थकों को एक मंच पर लाना उनके राजनीतिक भविष्य के लिहाज से मील का पत्थर साबित हो सकता है। इसे मध्य प्रदेश कांग्रेस में पीढ़ी परिवर्तन और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की सोची-समझी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस बड़े आयोजन के बाद नकुल नाथ प्रदेश की सक्रिय राजनीति में किस तरह और कितनी बड़ी भूमिका निभाते हैं, इस पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

वायु प्रदूषण से भारत को हर साल 24 लाख करोड़ का नुकसान! GDP का 6% हिस्सा धुएं में हो रहा बर्बाद

राहुल गांधी को मोदी फोबिया! राहुल गांधी के फोन टैपिंग आरोपों पर एकनाथ शिंदे का तीखा हमला

NCP विलय की अटकलों के बीच दिल्ली में बड़ी हलचल! सुप्रिया सुले और प्रफुल्ल पटेल के बीच 35 मिनट तक हुई बैठक

Kal Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी से आ रहा एक और चक्रवाती तूफान, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में अलर्ट

Chhath Special: छठ पर बिहार जाने वालों को राहत, दिल्ली से चलेंगी 77 स्पेशल बसें, ट्रेन में वेटिंग का झंझट खत्म