मध्य प्रदेश सरकार ने दी दिव्यांगजन भर्ती अभियान को मंजूरी
31 दिसंबर 2026 तक पूरी होगी विशेष भर्ती प्रक्रिया
2027 से हर साल मार्च तक चलेगा विशेष भर्ती अभियान
साक्षात्कार के अंक नहीं जुड़ेंगे, मेरिट से होगा चयन
दिव्यांगजन आयुक्त डॉ. अजय खेमरिया ने सीएम का जताया आधार
Special Recruitment Drive For Disabled Candidates: मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने विशेष दिव्यांगजन भर्ती अभियान को मंजूरी देते हुए सभी विभागों को रिक्त आरक्षित पदों को प्राथमिकता से भरने के निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान अभियान के तहत 31 दिसंबर 2026 तक भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
वहीं, वर्ष 2027 से हर साल 1 जनवरी से 31 मार्च तक विशेष भर्ती अभियान चलाया जाएगा। इसमें दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित बैकलॉग पदों को भी शामिल किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में साक्षात्कार के लिए अलग से अंक नहीं दिए जाएंगे, बल्कि निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अन्य अर्हताओं के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
सामान्य प्रशासन विभाग मध्य प्रदेश ने 9 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार, संबंधित विभागों और नियुक्ति प्राधिकारियों को भर्ती के लिए कम से कम दो दैनिक समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कराना होगा। विज्ञापन में रिक्त पदों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांगता का प्रकार और भर्ती की तिथि, समय व स्थान की जानकारी देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा विज्ञापन विभागीय वेबसाइट और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के पोर्टल पर भी अपलोड किया जाएगा। विज्ञापन जारी होने के कम से कम 30 दिन बाद ही भर्ती प्रक्रिया की तिथि निर्धारित की जा सकेगी।
भर्ती प्रक्रिया के लिए विभाग चयन समिति गठित करेंगे, जो पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की अलग-अलग सूची तैयार करेगी। अपात्र अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट पर जारी कर 15 दिन तक दावा-आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट सूची के आधार पर विज्ञापित पदों की संख्या के अधिकतम दो गुना अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेजों के सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। सत्यापन के बाद मेरिट के अनुसार अंतिम चयन किया जाएगा। यदि किसी अभ्यर्थी का चयन एक से अधिक विभागों में होता है, तो वह केवल एक विभाग में कार्यभार ग्रहण कर सकेगा।
लोक सेवा आयोग के दायरे में आने वाले पदों पर आयोग की निर्धारित भर्ती प्रक्रिया के अनुसार नियुक्तियां होंगी। सभी विभागों को भरे गए पदों का विवरण निर्धारित ऑनलाइन प्रपत्रों में दर्ज करना होगा। आयुक्त दिव्यांगजन डॉ. अजय खेमरिया ने बताया कि विशेष भर्ती अभियान की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विभागीय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और मुख्य सचिव से चर्चा कर प्रस्ताव शासन को भेजा था। डॉ. खेमरिया ने अभियान को मंजूरी मिलने पर सरकार के सभी संबंधित पदाधिकारियों और सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।