कांग्रेस पार्टी में बढ़ रही गुटबाजी!  (सोर्स- नवभारत लाइव)
भोपाल

EXPLAINER: हो सकता है बड़ा नुकसान...भोपाल में नकुलनाथ के शक्ति प्रदर्शन से कांग्रेस में बढ़ी गुटबाजी की चर्चा

Explainer On Nakul Nath Mega Show: 2028 चुनाव से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस में बढ़ी गुटबाजी, नकुलनाथ के शक्ति प्रदर्शन और पोस्टरों से गायब हुए पटवारी-सिंघार, सुधीर दंडोतिया ने बताया पार्टी को नुकसान।

सुधीर दंडोतिया, सजल रघुवंशी

HIGHLIGHTS:

  • 2028 विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चाएं तेज।

  • नकुलनाथ के भोपाल आयोजन को कमलनाथ गुट के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा गया।

  • सुधीर दंडोतिया बोले- कांग्रेस में एक और गुट की सक्रियता पार्टी के लिए नुकसानदायक हो सकती है।

  • पोस्टरों पर लिखा- 'मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है।'

MP Congress Party Factionalism Explained: मध्य प्रदेश कांग्रेस में 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले ही नेतृत्व और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर खींचतान तेज होती दिखाई दे रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और पूर्व सांसद नकुलनाथ के भोपाल में हुए शक्ति प्रदर्शन ने पार्टी के भीतर गुटबाजी की चर्चाओं को एक बार फिर हवा दे दी है। इस पूरे घटनाक्रम पर नवभारत लाइव की विशेष चर्चा में वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक सुधीर दंडोतिया ने कांग्रेस की मौजूदा स्थिति का विश्लेषण किया।

दंडोतिया के मुताबिक, चुनाव से पहले ही कांग्रेस कई गुटों में बंटी हुई नजर आ रही है। ऐसे समय में एक और नए गुट की सक्रियता पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। इससे कांग्रेस के भीतर पहले से मौजूद राजनीतिक खींचतान और बढ़ने की आशंका है।

कमलनाथ गुट की शक्ति प्रदर्शन की कोशिश!

सुधीर दंडोतिया ने साफ कहा कि पूर्व सांसद नकुलनाथ का यह आयोजन लंबे समय से लगभग उदासीन पड़े कमलनाथ गुट की राजनीतिक सक्रियता और ताकत दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जाना चाहिए। इस शक्ति प्रदर्शन के जरिए संदेश देने का प्रयास किया गया है कि मध्य प्रदेश की राजनीति में कमलनाथ का दबदबा अभी भी कायम है और मध्य प्रदेश की राजनीति में उनका हस्तक्षेप महत्वपूर्ण है।

कांग्रेस को उठाना पड़ सकता है नुकसान

कमलनाथ गुट की इस तरह की सक्रियता कांग्रेस के दूसरे गुटों के साथ राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को बढ़ा सकती है। इसका सीधा नुकसान पार्टी को उठाना पड़ सकता है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह गुटबाजी और बढ़ती है या कांग्रेस नेतृत्व इसे नियंत्रित करने में सफल रहता है।

पोस्टर ने बढ़ाई सियासी हलचल

नकुलनाथ के राजधानी भोपाल आगमन से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) के आसपास लगाए गए पोस्टरों ने भी राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया। इन पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में लिखा था- 'मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है।'

पोस्टर में गायब रही पटवारी-सिंघार की तस्वीरें गायब

पोस्टरों में कमलनाथ और नकुलनाथ के साथ कुछ अन्य कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें थीं, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की तस्वीरें नहीं दिखाई दीं। इसे कांग्रेस के भीतर अलग-अलग राजनीतिक खेमों की सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।

बीजेपी में नेतृत्व परिवर्तन के बाद भी नहीं दिखी ऐसी खींचतान

सुधीर दंडोतिया ने कांग्रेस पार्टी की गुटबाजी की तुलना भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक स्थिति से करते हुए कहा कि बीजेपी में भी नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। मोहन यादव को मुख्यमंत्री और हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। पार्टी में इन दोनों से कहीं अधिक अनुभवी और वरिष्ठ नेता मौजूद हैं लेकिन नेतृत्व में बदलाव के बाद बीजेपी में कांग्रेस जैसी नारेबाजी या सार्वजनिक गुटबाजी देखने को नहीं मिली।

2028 के चुनाव से पहले कांग्रेस के सामने बड़ी चुनौती

मध्य प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव 2028 में होना है। ऐसे में कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती संगठन को एकजुट रखने की होगी। एक तरफ जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में मौजूदा प्रदेश संगठन है, दूसरी तरफ कमलनाथ खेमे की राजनीतिक सक्रियता और दिग्विजय सिंह की अपनी अलग राजनीतिक भूमिका है।

सुधीर दंडोतिया के विश्लेषण का निष्कर्ष यही है कि कांग्रेस को चुनावी तैयारी से पहले अपनी अंदरूनी एकजुटता पर ध्यान देना होगा, क्योंकि पार्टी के भीतर बढ़ती गुटबाजी का सीधा फायदा उसके राजनीतिक विरोधियों को मिल सकता है।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को AIIMS से मिली छुट्टी, मॉर्निंग वॉक में हुए थे बेहोश

पंजाब में तीर्थ यात्रियों से भरी दो बसों की भीषण टक्कर, 4 की मौत; 10 की हालत गंभीर

हादसा नहीं, साजिश थी... सोनिया गांधी की किताब में साबरमती अग्निकांड के जिक्र पर राकेश अस्थाना का बड़ा खुलासा

11 घंटे में 4 बार कांपी जम्मू-कश्मीर की धरती, क्या यह किसी बड़े खतरे का संकेत है?

दिल्ली के रामलीला मैदान में रैलियों और प्रदर्शनों के लिए नया SOP तैयार, तय हुआ समय और भीड़ का दायरा