Highlights :
ग्वालियर के शीतला माता मंदिर मार्ग हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ा एक्शन।
झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश।
तीन थाना प्रभारियों समेत आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को किया गया निलंबित।
कुल 9 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई, कर्तव्य में लापरवाही को लेकर सरकार सख्त।
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा।
Police Suspension : ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। हादसे के मामले में झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, तीन थाना प्रभारियों सहित आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाया गया है। निलंबित किए गए अधिकारियों-कर्मचारियों में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया तथा पवन सेंगर शामिल हैं। सरकार ने मामले में जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई का संदेश दिया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कर्तव्य में लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा गंभीर रूप से घायल लोगों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा।
हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के बताए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री एदल सिंह कंषाना और मंत्री राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों की स्थिति और घायलों के उपचार की व्यवस्था पर नजर रखी जा सके।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि देते हुए शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। हादसे के बाद पुलिस विभाग पर हुई कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।