सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर साधा निशाना फोटो सोर्स- सोशल मीडिया
भोपाल

BJP की बैठक में CM मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, कहा- मुस्लिम समाज को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती है पार्टी

CM Mohan Yadav Congress Attack : BJP बैठक में CM मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधा। UCC, वोट बैंक की राजनीति और सामाजिक समरसता पर बोले, रोजगार, मेडिकल कॉलेज और सरकारी भर्तियों के आंकड़े गिनाए।

सुधीर दंडोतिया, प्रीतेश जैन

BJP Working Committee Meeting : ओरछा में चल रही मध्य प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस की नीतियों और उसके काम करने के तरीके को समाज के बीच ले जाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुस्लिम समाज समेत विभिन्न वर्गों को केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए इस्तेमाल करती है और समाज में वर्ग संघर्ष बढ़ाने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यसमिति बैठक में कहा कि भाजपा का विरोधी दल से काम करने का तरीका और दृष्टिकोण अलग है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के कथित गलत कार्यों और नीतियों को समाज के बीच ले जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस से राजनीतिक और वैचारिक स्तर पर मजबूती से निपटना भी जरूरी है।

UCC पर कांग्रेस की भूमिका को लेकर उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (UCC) के मुद्दे पर भी कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने UCC का कोई ठोस विरोध नहीं किया और केवल दो मुस्लिम विधायकों को आगे किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुस्लिम समाज को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती है और हिंदू-मुसलमानों के बीच मतभेद पैदा कर राजनीति करती है।

'सामाजिक सद्भाव और समरसता के लिए करेंगे काम'

सीएम मोहन यादव ने कहा कि भाजपा सामाजिक सद्भाव और समरसता के लिए काम करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सत्ता हासिल करने के लिए हर तरह के राजनीतिक हथकंडे अपनाती है। मुख्यमंत्री ने जयस जैसे संगठनों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार कांग्रेस अलग-अलग समूहों को आगे करती है और बाद में उनसे दूरी बना लेती है।

लाड़ली बहना योजना से लेकर रोजगार तक गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता दी जा रही है, जबकि 86 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि लघु उद्योगों के माध्यम से एक करोड़ 20 लाख लोगों को रोजगार मिला है और प्रदेश में 85 हजार से अधिक सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है।

मेडिकल कॉलेज, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर फोकस

सीएम ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 39 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और आने वाले ढाई साल में इनकी संख्या बढ़ाकर 50 करने का लक्ष्य है। इससे करीब 10 हजार विद्यार्थियों को मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 368 सांदीपनि विद्यालय संचालित हो रहे हैं। सरकार स्कूल और तकनीकी शिक्षा के साथ आयुर्वेदिक शिक्षा के क्षेत्र में भी विस्तार कर रही है। सागर में आचार्य विद्यासागर महाराज के नाम पर आयुर्वेदिक महाविद्यालय खोलने का निर्णय भी लिया गया है।

भर्ती, किसानों और सिंचाई परियोजनाओं का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस विभाग में रिक्त 22,500 पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। सरकार ने वर्षों से लंबित पदोन्नति के मामलों में एक लाख पदों पर प्रमोशन किया है। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई। साथ ही केंद्र सरकार के सहयोग से केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना के लिए एक लाख करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं, जिससे मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के लोगों को लाभ मिलने की बात कही गई।

नदियों, बिजली और नक्सलवाद पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश को नदियों का मायका बताते हुए जल संरक्षण अभियानों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तीन लाख 62 हजार नदी, तालाब और बावड़ियों के बीच जल संरक्षण से जुड़े कार्य किए गए। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों का भी जिक्र किया।

राहगीर योजना और एयर एंबुलेंस सुविधा का उल्लेख

सीएम मोहन यादव ने राहगीर योजना का जिक्र करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपए का पुरस्कार देने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने प्रदेश में एयर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने को भी सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया।

CM ने दिया नया नारा

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नया नारा भी दिया— 'सबका साथ, सच्चा कर्म, प्रेम से बोलो जय श्रीराम'। उन्होंने कहा कि सरकार विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के संकल्प के साथ प्रदेश के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

पेट्रोल पर पारदर्शिता क्यों नहीं? सुप्रीम कोर्ट ने E20 पर सुनवाई से किया इनकार, जानें क्या थी पूरी मांग

India-Brazil TMM Meeting: भारत और ब्राजील के बीच हुई ऐतिहासिक डील, 2030 तक व्यापार में आएगा जबरदस्त उछाल

नेपाल बाढ़ में मद्रास HC के पूर्व जज वी. शिवज्ञानम लापता, 4 दिन से नहीं मिला कोई सुराग, CJI से मदद की गुहार

समुद्र की गहराई में बढ़ेगी भारत की धाक: नौसेना में शामिल हुआ INS निपुण, जानें क्यों कांपेंगे दुश्मन

भारत कभी महाशक्ति बनने के पीछे नहीं भागा, टोरंटो में बोले RSS प्रमुख मोहन भागवत, दिया मानवता का संदेश