Petrol Diesel Price Hike News: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है। सोमवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल के दाम में ₹2.71 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की। मई महीने में यह चौथी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
नई कीमतें लागू होने के बाद मध्य प्रदेश के कई शहरों के पेट्रोल पंपों पर इसका असर साफ नजर आया। सुबह से ही लोगों की आवाजाही कम रही और कई स्थानों पर ग्राहक बढ़ी हुई कीमतों को लेकर चर्चा करते दिखे। आम लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों ने उनके मासिक बजट को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। खासकर मध्यम वर्ग और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों के लिए यह बढ़ोतरी और मुश्किलें खड़ी कर रही है।
स्थानीय नागरिकों ने सरकार और तेल कंपनियों के निर्णय पर सवाल उठाए हैं। कुछ लोगों ने व्यंग्य करते हुए कहा कि 'चुनाव तक सब ठीक था और अब आम जनता पर महंगाई का बोझ डाला जा रहा है।' वहीं कई उपभोक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से सिर्फ ईंधन ही नहीं, बल्कि परिवहन और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे महंगाई की एक नई लहर देखने को मिलेगी।
व्यापारियों का भी मानना है कि ईंधन महंगा होने का सीधा असर ट्रांसपोर्टेशन लागत पर पड़ेगा, जिससे सब्जियों, अनाज और अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ सकते हैं। इससे बाजार में महंगाई का दबाव और अधिक बढ़ने की आशंका है।
ये भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: सेकंड पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने में लगेगा समय, सीन रिक्रिएशन की तैयारी में पुलिस
ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल के बढ़ते तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिसके चलते भारतीय तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि कच्चा तेल महंगा होने से भारतीय तेल कंपनियां हजारों करोड़ के घाटे में चल रही थीं। घाटे की भरपाई करने के लिए ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है।