NEET Student Throw Low Density Bomb In Collectorate Balaghat: मध्य प्रदेश के बालाघाट कलेक्ट्रेट परिसर में एक युवक द्वारा कथित तौर पर लो-डेनसिटी बम फेंके जाने की घटना से हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में सफेद शर्ट और काली पैंट पहने एक युवक कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर खड़ा होकर अपनी बात रखता है और इसके बाद परिसर की ओर एक विस्फोटक जैसी वस्तु फेंक देता है। धमाके की तेज आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में युवक खुद को नीट अभ्यर्थी बताते हुए परीक्षा और पेपर लीक से जुड़े मुद्दों पर नाराजगी जाहिर करता दिखाई देता है। वह "इंकलाब जिंदाबाद" के नारे लगाते हुए कहता है कि वह अपनी आवाज कलम के जरिए उठाना चाहता था, लेकिन परिस्थितियों ने उसे ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया। वीडियो में युवक का नाम सुजल मेश्राम बताया जा रहा है। उसने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी अनदेखी की गई, जिसके कारण उसे यह कदम उठाना पड़ा। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में युवक दावा करता है कि वह अब तक पांच बम फोड़ चुका है, लेकिन कोई अधिकारी उससे बात करने नहीं आया। इसके साथ ही उसने यह भी कहा कि यदि वह चाहता तो हथियार का इस्तेमाल कर कई लोगों को नुकसान पहुंचा सकता था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। इन बयानों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक के दावे कितने सही हैं और उसके पास वास्तव में किस प्रकार का विस्फोटक था।
बालाघाट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) निहित उपाध्याय ने एक मीडिया संस्थान से बातचीत में बताया कि एक छात्र द्वारा यह घटना की गई है। युवक का कहना है कि यह घटना उससे गलती से हुई, हालांकि पुलिस उसके बयान और वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती पर आलीराजपुर पहुंचेंगे CM मोहन यादव; विकास कार्यों की देंगे सौगात
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्फोटक की प्रकृति, युवक की पहचान तथा उसके दावों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। साथ ही अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।
https://youtu.be/r1dRd5eK4hY?si=Kmtq9hrNUYpNhFmj